OMG 2: इस दुखद वजह से अक्षय कुमार ने 'ओएमजी 2' ट्रेलर रिलीज को किया पोस्टपोन, फैंस को करना होगा इंतजार!

Akshay Kumar postpones OMG 2 trailer release: लंबे इंतजार के बाद, अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी स्टारर फिल्म 'ओएमजी 2' का ट्रेलर आज यानि की 2 अगस्त को रिलीज किया जाना था। लेकिन अक्षय कुमार ने एक ट्वीट के जरीए जानकारी दी है कि ट्रेलर को एक और दिन के लिए पोस्टपोन कर दिया गया है और इसके पीछे वजह बेहद दुखद है।
मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई के असामयिक मृत्यु की खबर से फिल्म इंडस्ट्री शोक में है। उन्होंने मंगलवार देर रात कर्जत स्थित अपने एनडी स्टूडियो में खुदकुशी कर ली। इस मामले में पुलिस ने अब तक 10 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
अक्षय कुमार ने जताया शोक
फिल्म इंडस्ट्री के सभी कलाकार नितिन देसाई के निधन पर शोक जता रहे हैं। वहीं, अक्षय कुमार ने भी इस बारे में लिखते हुए ट्वीट किया, "नितिन देसाई के निधन के बारे में जानकर बेहद दुख हुआ। वह प्रोडक्शन डिजाइन के दिग्गज थे और हमारे सिनेमा जगत का एक बड़ा हिस्सा थे। उन्होंने मेरी कई फिल्मों में काम किया...यह बहुत बड़ी क्षति है। सम्मान के तौर पर हम आज ओएमजी 2 का ट्रेलर रिलीज नहीं कर रहे हैं। कल सुबह 11 बजे इसे लॉन्च करेंगे. ॐ शांति 🙏"
अपने ही स्टूडियो में लगा ली फांसी!
नितिन देसाई ने खुदकुशी कर इस दुनिया को अलविदा कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्जत में स्थित अपने एनडी स्टूडियो में रात में 3.30 बजे उन्होंने फांसी लगा ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि वो आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे और डिप्रेशन में थे। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने एक फाइनेंस कंपनी से 180 करोड़ तक का लोन लिया हुआ था, जिसे चुकाने में वो असमर्थ थे।


Click it and Unblock the Notifications