अक्षय कुमार ने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ कमाने वाली फिल्मों पर दिया रिएक्शन, बोले- 'जब शाहरुख की जवान ने..'

Akshay Kumar On 1000 Crore At The Box Office: अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'मिशन रानीगंज' ने 6 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक दिया है। फिल्म को समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है, वहीं दर्शक भी धीरे धीरे बड़े पर्दे की ओर रुख कर रहे हैं। इस मौके पर सुपरस्टार ने मीडिया से कुछ खास बातचीत की, जहां उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर शुरु हुए 1000 करोड़ क्लब के बारे में भी बात की।
साल 2023 में अब तक तीन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ का कारोबार किया है, जबकि दो फिल्में वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ पहुंच गई हैं। जब अक्षय कुमार से इस बारे में सवाल किया गया, तो अभिनेता ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि इंडस्ट्री ज्यादा से ज्यादा हिट फिल्में देगी।"
जवान का बिजनेस देखकर मुझे भी बहुत खुशी हुई
उन्होंने आगे कहा, "जब शाहरुख खान की जवान ने इतना अच्छा बिजनेस किया तो मुझे बहुत खुशी हुई। गदर 2 जैसी और भी कई फिल्में रहीं। ओएमजी 2 ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। यह इंडस्ट्री के लिए बहुत अच्छा है। हमारी इंडस्ट्री कोविड काल के कारण बहुत बुरे दौर से गुजरी है। अब चीजें आगे बढ़ रही हैं और यह बहुत अच्छी बात है कि 1000 करोड़ का कलेक्शन एक बेंचमार्क है। साथ ही मुझे उम्मीद है कि हम हॉलीवुड की तरह 2000-3000 करोड़ रुपये की फिल्में भी बनाएंगे, क्योंकि जिस तरह की कहानियां और पटकथा हमारे पास है वह उनके पास नहीं है।"
मिशन रानीगंज एक निश्चित बजट पर बनी फिल्म है
फिल्मों के कमर्शियल हिट होने पर अक्षय कुमार ने कहा, "व्यावसायिक सफलता महत्वपूर्ण है क्योंकि आपको अन्य फिल्में भी बनानी हैं, लेकिन यह इस पर भी निर्भर करता है कि आपको किस तरह की व्यावसायिक सफलता मिलेगी। 'मिशन रानीगंज' एक निश्चित बजट पर बनी है। मैं इसे एक व्यावसायिक फिल्म कहना चाहता हूं। लेकिन यह 'जवान' या 'राउडी राठौड़' नहीं है। यह उस तरह की फिल्म नहीं है। इसका एक विशिष्ट दर्शक वर्ग है लेकिन मुझे उम्मीद है कि यह अच्छा व्यवसाय करेगी।"


Click it and Unblock the Notifications











