'लक्ष्मी' का धमाकेदार रिकॉर्ड, बनी सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म- अक्षय कुमार ने दिया रिएक्शन
अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म 'लक्ष्मी' 9 नवंबर को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज कर दी गई है। लोगों का इस फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार था, इसी का नतीजा है कि यह हॉटस्टार पर अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म साबित हुई है। जी हां, अक्षय कुमार की इस फिल्म ने रिलीज होते ही एक धमाकेदार रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
राघव लॉरेंस के निर्देशन में बनी इस हॉरर- कॉमेडी फिल्म के फर्स्ट डे फर्स्ट शो को देखने के लिए सब्सक्राइबर्स द्वारा लॉग इन किया गया.. और यह बन गई ओपनिंग पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म।

फिल्म की रिलीज और लोगों से मिल रही प्रतिक्रिया पर अक्षय कुमार ने कहा, "लक्ष्मी को मिले रिस्पॉस से मैं खुश और अभिभूत हूं। यह जानकर बेहद खुशी हो रही है कि देश भर के दर्शकों और प्रशंसकों ने डिज्नी + हॉटस्टार वीआईपी पर फिल्म रिलीज के कुछ घंटों के भीतर फिल्म देखने के लिए लॉग ऑन किया। रिकॉर्ड तोड़ना किसे अच्छा नहीं लगता- चाहे वह बॉक्स-ऑफिस पर हो या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर।"
वहीं, सुनील रेयान (अध्यक्ष, डिज़नी + हॉटस्टार) ने कहा, "हमारी डाइरेक्ट-टू-डिजिटल फिल्मों को जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली है, उससे हम बेहद खुश हैं। उन्हें देशभर में लाखों लोगों ने पसंद किया है। आज हम खुश हैं कि लक्ष्मी ने एक नया रिकॉर्ड बना लिया है। हम आशा करते हैं कि यह सभी की दीवाली को रोशन करती रहेगी।"
गौरतलब है कि फिल्म ने अच्छी ओपनिंग तो ली, लेकिन जल्द ही फैंस का उत्साह ठंडा पड़ चुका है। फिल्म को ना सिर्फ समीक्षकों से बल्कि आम दर्शकों से काफी निगेटिव प्रतिक्रिया मिल रही है।
जहां कुछ स्क्रिप्ट को दोष दे रहे हैं, वहीं कुछ अक्षय कुमार के अभिनय पर भी निशाना साध रहे हैं। लोगों ने साफ लिखा है कि इस हॉरर- कॉमेडी में ना ही हॉरर है, ना ही कॉमेडी। बल्कि यह स्क्रिप्ट के स्तर पर बेहद कमजोर है।


Click it and Unblock the Notifications
