खतरों के असली खिलाड़ी हैं अक्षय : प्रियंका

खतरों के असली खिलाड़ी हैं अक्षय : प्रियंका
प्रियंका ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "अक्षय कुमार न केवल फिल्म इंडस्ट्री बल्कि देश के एक्शन हीरो हैं। वह वास्तव में खतरों के खिलाड़ी हैं और मैं उनकी तरह काम नहीं कर पाऊंगी और न तो उनके जैसा बनने की कोशिश करूंगी। मैं इस शो में अपना एक अलग मानक स्थापित करने की कोशिश करुंगी।"
प्रियंका कहती हैं, "टेलीविजन अपने प्रशंसकों तक पहुंचने का एक बड़ा माध्यम है। ऐसा चलन है कि फिल्म अभिनेता जब फिल्में छोड़ते हैं तो टेलीविजन का रुख करते हैं, लेकिन मैं इस बात को लेकर अपने आप को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मैं अच्छी फिल्में कर रही हूं और प्रतिभावान लोगों के साथ काम कर रही हूं।"
देखें : प्रियंका चोपड़ा का लकी चार्म
प्रियंका से यह पूछे जाने पर कि उन्होंने 'फीयर फैक्टर.3' को क्यों चुना, इस सवाल पर टेलीविजन रिएलिटी शो में पहली बार हिस्सा ले रही इस अभिनेत्री ने कहा, "वास्तव में इस समय बहुत सारी फिल्में कर रही हूं और मेरे पास टेलीविजन शो की मेजबानी करने का समय नहीं था। जब 'फीयर फैक्टर.' में शामिल होने का अवसर मेरे सामने आया तो, चूंकि यह मेरा सबसे प्रिय कार्यक्रम रहा था और हमेशा से इस तरह के स्वभाव को पसंद करती रही हूं तो मैंने इसमें शामिल होने का फैसला कर लिया।"
ऐसा माना जा रहा था कि इस टेलीविजन रिएलिटी शो में मशहूर क्रिकेट खिलाड़ी शामिल होंगे लेकिन अब इसमें राहुल देव, मिलिंद सोमन, डिनो मारिया, राहुल बोस, शबीर अहलूवालिया, करन सिंह, साइरस ब्रोचा और फिल्म निर्माता अभिषेक कपूर और स्क्वे श चैंम्पियन रित्वीक भट्टाचार्या जैसे लोग शामिल हो रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications