धमाकेदार तमिल फिल्म की हिंदी रीमेक में अक्षय कुमार फाइनल- 9 अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट तैयार
दक्षिण भारत के फिल्मों की पॉपुलैरिटी से सभी वाकिफ हैं। कोरोना काल के दौरान भी साउथ की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस और ओटीटी पर जो धमाका किया है, वह सराहनीय है। लंबे समय से सुपरस्टार सूर्या स्टारर बहुचर्चित तमिल फिल्म 'सोरारई पोटरु' के हिंदी रीमेक पर चर्चा की जा रही थी। बता दें, अब ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो इस रीमेक में अक्षय कुमार फाइनल हो चुके हैं।
फिल्म की डायरेक्टर सुधा कोंगरा ने पहले ही कंफर्म दिया था कि वो फिल्म के हिंदी रीमेक में काफी दिलचस्पी रखती हैं। लेकिन मेनलीड एक्टर को लेकर लगातार अफवाहें तेज थीं। बीच में इस फिल्म से शाहिद कपूर का नाम भी जोड़ा जा रहा था। बहरहाल, अब फिल्म में अक्षय कुमार फाइनल हैं और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

'सूरारई पोटरु' कहानी है एक ऐसे इंसान की जिसने देश में आम आदमी की हवाई यात्रा के सपने को पूरा किया। एयर डेक्कन के संस्थापक कैप्टन जी.आर. गोपीनाथ के जीवन पर आधारित इस फिल्म को दुनियाभर में काफी सरहाना मिली है। कोविड के दौरान लॉकडाउन होने की वजह से फिल्म को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज किया गया था।
इस फिल्म के रीमेक में अक्षय कुमार के होने की खबरें चलते ही अभिनेता सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। जहां कुछ लोगों का मानना है कि इस फिल्म को ओरिजनल ही छोड़ देना बेहतर है। वहीं अक्षय फैंस इस रीमेक को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
बता दें, फिलहाल अक्षय कुमार के पास कुल 9 से 10 फिल्में लाइन में हैं, जो 2022- 2023 में रिलीज होने वाली हैं। यहां देंखे उनके आने वाली फिल्मों की लिस्ट-

पृथ्वीराज
निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी की फिल्म पृथ्वीराज में अक्षय कुमार के साथ दिखेंगी पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर। फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं आदित्य चोपड़ा। फिलहाल इसके रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है।

बच्चन पांडे
वहीं, बच्चन पांडे 18 मार्च 2022 को रिलीज होने वाली है। फिल्म के निर्माता हैं साजिद नाडियाडवाला, जबकि डाइरेक्ट कर रहे हैं फरहाद सामजी। फिल्म में अक्षय के साथ दिखेंगी कृति सैनन, जैकलीन, अरशद वारसी और पंकज त्रिपाठी।

रक्षाबंधन
आनंद एल राय के निर्देशन में बनने वाली यह इमोशनल ड्रामा फिल्म 11 अगस्त को आएगी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ भूमि पेडनेकर की जोड़ी दिखेगी। इस फिल्म को हिमांशु शर्मा ने लिखा है। जबकि आनंद एल राय और अक्षय कुमार की बहन अलका इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।

राम सेतु
राम सेतु के निर्देशक हैं अभिषेक शर्मा और क्रिएटिव निर्माता हैं डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिखेंगी जैकलीन फर्नाडीज़ और नुसरत भरूचा। फिल्म दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है।

ओह माय गॉड 2
साल 2012 में आई फिल्म ओह माय गॉड (OMG) में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने के बाद सुपरस्टार अक्षय कुमार अब फिल्म के सीक्वल OMG 2 में भगवान शिव का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ पंकज त्रिपाठी हैं। इसकी शूटिंग शुरु हो चुकी है।

जैकी भगनानी की फिल्म
अक्षय कुमार और रकुल प्रीत सिंह ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है। इसका टाइटल फिलहाल कंफर्म नहीं है। जैकी भगनानी के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन रंजीत तिवारी ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार और रकुल के अलावा चंद्रचूर सिंह और सरगुन मेहता भी अहम किरदारों में हैं। इसे एक क्राइम थ्रिलर फिल्म बताया जा रहा है।

गोरखा
अतरंगी रे और रक्षाबंधन के बाद आनंद एल राय के साथ यह अक्षय कुमार की तीसरी फिल्म होगी। यह एक बायोपिक फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट (५वीं गोरखा राइफल्स) के एक महान अधिकारी मेजर जनरल इयान कार्डोजो का किरदार निभाने जा रहे हैं।

सेल्फी
पिछले दिनों ही अक्षय कुमार और इमरान हाशमी ने अपनी नई फिल्म 'सेल्फी' की घोषणा की है। करण जौहर के प्रोडक्शन की इस फिल्म का निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं। फिल्म का एक टीजर भी रिलीज कर दिया गया है।

वेब सीरीज 'दि एंड'
साल 2019 में अक्षय कुमार की डेब्यू वेब सीरीज 'दि एंड' का जोर शोर से ऐलान किया गया था। लंबे समय से जहां इसकी कोई चर्चा नहीं हो रही है, वहीं हाल ही में सीरीज के निर्माताओं ने बताया कि जल्द ही यह फ्लोर पर आ जाएगी। यह एक्शन- थ्रिलर सीरीज अमेज़न प्राइम वीडियो पर प्रीमियर किया जाएगा।

इन फिल्मों की है चर्चा
इन फिल्मों के अलावा भी कुछ फिल्मों से अक्षय कुमार है नाम लगातार जोड़ा जा रहा है.. टाइगर श्रॉफ के साथ 'बड़े मियां छोटे मियां', प्रियदर्शन के साथ एक कॉमेडी फिल्म और राउडी राथौड़ 2।


Click it and Unblock the Notifications











