अक्षय कुमार - इमरान हाशमी ने पूरा किया अगली फिल्म सेल्फी का पहला शेड्यूल, देखिए सेट से तस्वीरें
अक्षय कुमार और इमरान हाशमी धर्मा प्रोडक्शन्स की फिल्म सेल्फी में एक साथ नज़र आने वाले हैं। इस फिल्म को गुड न्यूज़ से अपना डायरेक्शन डेब्यू करने वाले राज मेहता डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म का पहला शेड्यूल भोपाल में पूरा हो चुका है और सेट से तस्वीरें भी बाहर आईं। तस्वीरों में इमरान हाशमी और अक्षय कुमार अपने लुक में ही नज़र आए।
पिछले ही महीने फिल्म की शूटिंग के दौरान, अक्षय कुमार ने कुछ वीडियो शेयर किए थे जहां फिल्म की दोनों हीरोइनें - नुशरत भरूच और डायना पेंटी, फिल्म की स्क्रिप्ट के साथ नज़र आ रही थीं।

सेल्फी, मलयालम फिल्म ड्राईविंग लाईसेंस के हिंदी रीमेक है। फिल्म एक सुपरस्टार और एक मोटर वेहिकल पुलिस ऑफिसर की कहानी है। सुपरस्टार को जल्दी से जल्दी ड्राईविंग लाईसेंस चाहिए होता है जिसके लिए वो गैर कानूनी ढंग से अपने फैन से मदद लेता है। ये फैन मोटर विभाग का ऑफिसर है। लेकिन बाद में ये मदद इन दोनों को ही भारी पड़ती है। पृथ्वीराज सुकुमारन और सूरज वेंजरामुद्दू स्टारर ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट थी।

राज मेहता के साथ दूसरी फिल्म
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स के लिए इस फिल्म को डायरेक्ट करेंगे राज मेहता। राज मेहता ने अपना डेब्यू किया था अक्षय कुमार की गुड न्यूज़ के साथ। इससे पहले राज मेहता, वरूण धवन, कियारा आडवाणी, नीतू कपूर, अनिल कपूर स्टारर जुग जुग जीयो की शूटिंग में व्यस्त थे। वहीं अक्षय कुमार - नुशरत भरूच भी सेल्फी के अलावा, राम सेतु में एक साथ काम कर रहे हैं।

धमाकेदार तरीके से हुआ था अनाउंसमेंट
अक्षय कुमार - इमरान हाशमी की इस फिल्म का अनाउंसमेंट एक शानदार टीज़र के साथ हुआ था। इमरान हाशमी की तो अगले साल इमरान हाशमी धमाका करने वाले हैं यशराज फिल्म्स की टाईगर 3 के साथ।अक्षय कुमार इस समय भले ही बॉलीवुड के सबसे व्यस्त सितारे हैं लेकिन फिर भी एक के बाद एक अक्षय कुमार नए प्रोजेक्ट साईन कर रहे हैं और उतनी ही तेज़ गति से पुराने प्रोजेक्ट पूरे कर रहे हैं।

इमरान हाशमी टाईगर 3 में व्यस्त
इस समय इमरान हाशमी, सलमान खान की फिल्म टाईगर 3 के काम में भी व्यस्त हैं। माना जा रहा है कि फिल्म में इमरान हाशमी के केवल एंट्री सीन पर 10 करोड़ से ऊपर का बजट खर्च किया जा रहा है। फिल्म में इमरान हाशमी, पाकिस्तान के टाईगर की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। हालांकि, अभी तक फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

एक और रीमेक की तैयारी
फिल्म ड्राईविंग लाईसेंस इमरान हाशमी के लिए इकलौती मलयालम रीमेक नहीं होगी। इससे पहले वो मलयालम हॉरर फिल्म एज़रा रीमेक पर काम शुरू कर चुके थे। लेकिन कोरोना काल के बीच इस फिल्म का काम कहां तक पहुंचा है और ये फिल्म अभी भी बन रही है या नहीं बन रही है, इसकी पुष्टि फिल्म की टीम ने अभी तक नहीं की है।

हिट मशीन अक्षय कुमार
बात करें अक्षय कुमार की तो दीवाली पर सूर्यवंशी की रिलीज़ के साथ ही अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस पर हिट मशीन बनने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, उनकी होली फीकी कर दी अनुपम खेर की विवेक अग्निहोत्री फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने। लेकिन अक्षय के पास शानदार फिल्मों की टाइमलाइन है। जून में यशराज फिल्म्स की पृथ्वीराज, स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर रक्षाबंधन और दीवाली 2022 पर राम सेतु के साथ अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस का सूखा सूद समेत खत्म करेंगे।

कई फिल्मों की तैयारी
वहीं अक्षय कुमार के नाम पर एक लंबी फिल्मों की लिस्ट भी तैयार है। इनमें अगर रीमेक फिल्मों की बात करें तो अक्षय कुमार को सूर्या स्टारर सूररई पोतृ रीमेक का ऑफर दिया गया है और अक्षय भी इस फिल्म को करने में काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। वैसे भी परदे पर अक्षय कुमार का देशभक्ति अवतार हिट है तो बॉक्स ऑफिस पर उनकी देशभक्ति करोड़ों की कमाई कर जाती है। ऐसे में सूररई पोतृ रीमेक के लिए भी सूर्या ने अक्षय कुमार को ही ऑफर दिया है।

धर्मा प्रोडक्शन्स के पास भरमार
धर्मा प्रोडक्शन्स के पास भी इस समय फिल्मों की लाईन लगी हुई है। इस समय अगर धर्मा के पुराने प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उनमें दोस्ताना 2, तख्त जैसी फिल्में शामिल हैं। वहीं कोरोना के बीच, धर्मा प्रोडक्शन्स ने जुग जुग जीयो और गोविंदा नाम मेरा पर काम शुरू कर दिया। कोरोना के बाद, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, राजकुमार राव और जान्हवी कपूर स्टारर शरण शर्मा की क्रिकेट फिल्म मिसेज़ एंड मिस्टर माही और सिद्धार्थ मल्होत्रा की एरियल एक्शन फिल्म शामिल है।


Click it and Unblock the Notifications











