बंगाल में नरेंद्र मोदी की रैली में मिथुन चक्रवर्ती ही नहीं अक्षय कुमार भी शामिल?
अफवाहें थीं कि बंगाल में हो रही नरेंद्र मोदी की भव्य रैली में मिथुन चक्रवर्ती भाजपा की सदस्यता लेेने वाले हैं। ये खबर तो सच है। लेकिन इसके साथ ही एक अफवाह और थी कि इस रैली में नरेंद्र मोदी के साथ अक्षय कुमार भी शामिल होने वाले हैं। लेकिन अब अक्षय कुमार ने ही इन अफवाहों का खंडन किया है।
अक्षय कुमार ने साफ किया कि वो मुंबई में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं और उनके बंगाल जाने की खबरें केवल अफवाहें हैं। इस समय अक्षय कुमार ने हिंदुस्तान टाईम्स में एक एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि मैं हैरान हूं कि मेरे बारे में इस तरह की अफवाहें भी उड़ रही हैं।

गौरतलब है कि इस समय अक्षय कुमार बॉलीवुड के सबसे व्यस्त अभिनेताओं में से एक हैं। जहां एक तरफ वो बच्चन पांडे और पृथ्वीराज की शूटिंग कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ, सूर्यवंशी की रिलीज़ की तैयारी कर रहे हैं।
लेकिन इन सबके बीच में अक्षय कुमार खुद को आलोचनाओं का शिकार होने से दूर नहीं रख पा रहे हैं। किसान आंदोलन पर सरकार का साथ देने और रिहाना के ट्वीट के खिलाफ ट्वीट करने के बाद अक्षय ट्रोल हुए। केवल यही नहीं, पिछले कुछ सालों से वो लगातार लोगों के निशाने पर हैं।

दान पर हो गया बवाल
कोरोना महामारी के दौरान अक्षय कुमार का 25 करोड़ का दान हर किसी के गले की हड्डी बन गया। लोगों का कहना था कि अक्षय ने दान किया, अच्छी बात थी लेकिन उन्हें इस तरह राशि का एलान नहीं करना चाहिए था।

मंदिर के लिए मांगा दान
अक्षय कुमार ने हाल ही में एक वीडियो बनाकर अयोध्या में बनने वाले भव्य राम मंदिर के लिए दान मांगा। जिसके बाद वो लगातार ट्रोल हुए थे। इसका कारण था अक्षय कुमार का एक पुराना वीडियो वायरल होना जिसमें वो मंदिरों में होने वाले खर्च का विरोध कर रहे थे।

लोगों ने उड़ाया जमकर मज़ाक
इस वीडियो में अक्षय कुमार मंदिरों में होने वाले फिज़ूल खर्च, दूध - दही - फूल - फल के दान का विरोध करते हुए कह रहे हैं कि वो पैसा गरीबों को जाना चाहिए। उस समय, अक्षय कुमार अपनी फिल्म ओह माय गॉड का प्रमोशन कर रहे थे। ये वीडियो तब वायरल हुआ जब अक्षय कुमार राम मंदिर के लिए दान मांगते दिखे।

कोरोना महादान पर हो गया बवाल
अक्षय कुमार के कोरोना महादान की राशि के एलान पर अमिताभ बच्चन तक ने ताना मारते हुए कहा कि उन्हें दान करने के बाद ये बताना पसंद नहीं है कि कहां दिया, कितना दिया। वहीं शत्रुघ्न सिन्हा ने भी इसे शो ऑफ बता दिया। कुल मिलाकर सबने इसे अक्षय की PR एक्टिविटी बता डाला।

नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू
पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान अक्षय कुमार नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लेते दिखे। इस इंटरव्यू में उन्होंने नरेंद्र मोदी को एक आम इंसान की तरह पेश करने की कोशिश की जिसकी जमकर आलोचना हुई। लोग रोज़गार से लेकर सरकार तक के गंभीर मुद्दों पर बातचीत का इंतज़ार करते दिखे लेकिन अक्षय नरेंद्र मोदी से उनके आम खाने की आदत पर चर्चा करते दिखे।

बीजेपी के भक्त?
इस इंटरव्यू के बाद अक्षय कुमार को आधिकारिक रूप से भाजपा और नरेंद्र मोदी का भक्त घोषित कर दिया गया था। खबरें यहां तक थीं कि अक्षय कुमार भाजपा के स्टार प्रचारक हो सकते हैं। वहीं अफवाहें थीं कि नरेंद्र मोदी बायोपिक में अक्षय मोदी जी का किरदार निभा सकते हैं।

कनाडा के नागरिक के अक्षय
अक्षय कुमार की नागरिकता को लेकर हमेशा ही सवाल उठाए गए। उन्होंने भारत की नागरकिता छोड़ कर कनाडा की नागरिकता स्वीकार की थी। इसके बाद मोदी सरकार का समर्थन करते समय हर वक्त अक्षय कुमार की नागरिकता पर सवाल उठाए गए।

नागरिकता पर दी थी सफाई
अक्षय कुमार ने राज़ खोला कि एक समय था जब वो करियर में लगातार फ्लॉप फिल्में दे रहे थे और उन्होंने बॉलीवुड छोड़कर कनाडा में रहने का फैसला कर लिया था। उसी दौरान उन्होंने कनाडा की नागरिकता ले ली लेकिन उनकी अगली फिल्म हिट हो गई।

नागरकिता बिल का साथ
नागरिकता बिल के विरोध में जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय में हुई हिंसा के खिलाफ एक वीडियो वायरल हो रहा था जहां पुलिस बच्चों को पीटती नज़र आ रही थी। अक्षय ने ये वीडियो पसंद किया जिसके बाद उनकी जमकर आलोचना हुई।

अनुराग कश्यप ने कहा Spineless
हालांकि अक्षय कुमार ने 11 घंटों बाद सफाई पेश की कि उन्होंने गलती से ये वीडियो पसंद किया था लेकिन अनुराग कश्यप ने उन्हें Spineless कहा। इसके बावजूद अक्षय ने पूरे मामले में चुप्पी साध ली थी।

गोमूत्र पियो, स्वस्थ रहो
अक्षय कुमार का Into the wild with Bear Grylls का एपिसोड ऑन एयर होते ही अक्षय कुमार ट्रोल हुए। इस एपिसोड में अक्षय कुमार ने कहा कि वो वैसे भी रोज़ गौमूत्र पीते हैं क्योंकि इसके बहुत सारे आयुर्वेदिक फायदे हैं।

फौजी एप पर भी ट्रोल
भारत में पब-जी के बैन होते ही अक्षय कुमार ने फौ-जी नाम के एक एप की घोषणा कर दी। ये गेमिंग एप, पब जी के जैसा ही है लेकिन इस एप का इस्तेमाल करने वाले लोगों को भारतीय सेना के जवानों के बारे में भी जानकारी मिलती है। लोगों ने अक्षय के इस कदम को भी उनकी ओवरएक्टिंग वाली देशभक्ति से जोड़ दिया। इस एप से होने वाली सारी कमाई भारतीय सेना के शहीद जवानों के लिए बने एक राहत कोष को जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications











