अक्की का भाव पहुंचा 15 करोड़ तक
बालीवुड में शाहरुख खान की बादशाहत को सिर्फ अक्षय कुमार से ही खतरा दिख रहा है. शाहरुख के बाद अक्षय ही ऐसे स्टार हैं जो देश विदेश में अपने बलबूते पर फिल्म चलाने का दावा करते है. अक्षय के बारे में माना जाता है कि जिन निर्माता व निर्देशकों ने उन्हें शुरु से ही अपनी फिल्मों में अवसर दिया था, उनके साथ वे अपने बाजार भाव से भी कम कीमत में काम कर लेते हैं.
लेकिन अब सुना जा रहा है कि अक्षय ने यारी दोस्ती और संबंधो को पूरी तरह तिलांजलि दे दी है और वे सभी से जमकर अपनी कीमत वसूल रहे हैं. यहां तक कि उन्होंने कीमत के मामले उन वीनस बंधुओ को भी नहीं बख्शा जिन्हॉने कि अक्की के कैरियर को नई दिशा दी थी.
वीनस ने जब अक्षय कुमार को अपनी नई फिल्म के लिए लेना चाहा तो अक्की ने कहा कि वे अब 15 करोड रुपए में ही फिल्म अनुबंधित करेंगे. अक्की की इस कीमत को सुनकर वीनस वालों को दिन में भी तारे नजर आ गये. उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि यह वही अक्की जिन्हें उन्होंने अपनी फिल्म खिलाडी में मौका दिया था. ज्ञात हो कि अक्षय कुमार की फिल्म खिलाडी जबरदस्त हिट हुई थी.
इस फिल्म से ही अक्की की इमेज एक्शन हीरो की बनी थी. खिलाडी शब्द अक्की के लिए इतना लकी रहा कि इसके बाद सबसे बडा खिलाडी, खिलाडियों का खिलाडी, तू खिलाडी मैं अनाडी जैसी फिल्में भी आई और अक्षय कुमार ने फिर सफल होकर पीछे मुडकर नहीं देखा.
वीनस के गणेश जैन के अनुसार वे अक्की को अपनी फिल्म में ले रहे हैं और स्क्रिप्ट पर काम शुरु किया गया है. इसके अलावा अन्य कलाकारों व निर्देशक का चयन किया जाना अभी बाकी है. हालांकि गणेश जैन ने इस बारे में इंकार किया कि अक्षय ने बहुत ज्यादा कीमत मांगी है.
उन्हॉंने कहा कि अक्षय के साथ वीनस के 1991 से संबंध हैं और अक्षय ने फिल्म में काम करने की भारी कीमत नहीं मांगी है.


Click it and Unblock the Notifications