'केसरी' एक्टर संदीप नाहर की मौत से टूटे अक्षय कुमार, लिखा- मेरा दिल दहल गया, कृपया मदद लें
एम.एस. धौनी और केसरी फिल्म फेम अभिनेता संदीप नाहर सोमवार को गोरेगांव स्थित अपने घर पर मृत पाए गए। संदीप ने निधन से पहले सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो अपलोड करने के साथ खुला खत लिखा। जिसे उन्होंने खुद सुसाइड नोट का नाम दिया है। संदीप की मौत पर मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की है। दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर केसरी फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने सह कलाकार संदीप नाहर के निधन पर बेहद दुख जताते हुए उनकी तस्वीर पोस्ट की है।
साथ ही श्रद्धांजलि देते हुए एक मैसेज भी लिखा है। अक्षय कुमार ने लिखा है कि संदीप नाहर की निधन की खबर सुन मेरा दिल दहल गया। एक मुस्कुराता हुआ आदमी जो भोजन के लिए काफी उत्साही रहता था, केसरी में मेरी उनके साथ यह याद है।जीवन अप्रत्याशित है..अगर कभी भी कम महसूस हो तो कृपया मदद लें।

उसकी आत्मा को शांति मिले। आपको बता दें कि 32 साल के संदीप नाहर टीवी शोज, विज्ञापन और फिल्मों में काफी लंबे समय से काम कर रहे हैं। धौनी में सुशांत के दोस्त के किरदार में उन्हें काफी पसंद किया गया। केसरी फिल्म में सिख लड़के के तौर पर उन्होंने अपनी भूमिका अदा की। संदीप इसके साथ जिम ट्रेनर भी रह चुके हैं। निधन से पहले संदीप ने सोशल मीडिया पर उनकी शादीशुदा जिंदगी के तनाव का खुलासा किया।
एक वेबसाइट की रिपोर्ट अनुसार डीसीपी विशाल ठाकुर ने इस संबंध में कहा है कि फिलहाल किसी साजिश की गुंजाइश नहीं दिख रही है। यह आत्महत्या का केस लगता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पूरी जानकारी मिलेगी। बता दें कि संदीप ने अपने सुसाइड नोट में पत्नी कंचन शर्मा को अपने मौत की वजह बताई है। कंचन का इस मामले में अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि संदीप अपने कमरे में बेसुध मिले थे। पत्नी उन्हें अस्पताल ले गईं। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
(यदि आपको या आपके जानकारी में किसी व्यक्ति को मदद की जरूरत हो, तो अपने नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। हेल्पलाइन- COOJ मेंटल हेल्थ फाउंडेशन: 0832-2252525, स्नेहा - 044-24640050/ 044-24640060, परिवर्तन: +91 7676 602 602 )


Click it and Unblock the Notifications












