अक्षय कुमार और राधिका मदान ने मुंबई में शुरु की Soorarai Pottru की हिंदी रीमेक, देखें तस्वीरें

सुपरस्टार सूर्या स्टारर बहुचर्चित तमिल फिल्म 'सोरारई पोटरु' [Soorarai Pottru] के हिंदी रीमेक की शूटिंग शुरु हो चुकी है। बीते दिन अक्षय कुमार [Akshay Kumar] और राधिका मदान को मुंबई में सेट पर जाते स्पॉट किया गया। बता दें, मुंबई में तीन दिनों की शूटिंग के बाद, अक्टूबर के अंतिम हफ्ते में दोनों कलाकार अगले शेड्यूल के लिए छत्तीसगढ़ जाएंगे। खास बात है कि हाल ही में इस फिल्म के लिए सूर्या को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल अवार्ड दिया गया है।
फिलहाल इस फिल्म का नाम रिवील नहीं किया गया है। लेकिन कोई शक नहीं कि फैंस इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस रीमेक का निर्देशन भी सुधा कोंगरा कर रही हैं, जिन्होंने ओरिजनल फिल्म बनाई थी।
'सूरारई पोटरु' कहानी है एक ऐसे इंसान की जिसने देश में आम आदमी की हवाई यात्रा के सपने को पूरा किया। एयर डेक्कन के संस्थापक कैप्टन जी.आर. गोपीनाथ के जीवन पर आधारित इस फिल्म को दुनियाभर में काफी सरहाना मिली है। कोविड के दौरान लॉकडाउन होने की वजह से फिल्म को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज किया गया था।
गौरतलब है कि सूरारई पोटरु रीमेक के लिए पहले शाहिद कपूर का नाम चर्चा में था। शाहिद कपूर के अलावा फिल्म के लिए अजय देवगन, ऋतिक रोशन और जॉन अब्राहम का नाम भी चर्चा में आया। लेकिन जहां बाकी स्टार्स ने फिल्म में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई वहीं शाहिद कपूर ने इतनी ज़्यादा फीस मांगी कि मेकर्स ने उस फीस को अक्षय कुमार पर इनवेस्ट करना बेहतर समझा।
अक्षय कुमार की जहां पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई हैं। यह रीमेक खास साबित हो सकती है। अक्षय की आगामी फिल्मों में इस रीमेक के अलावा, राम सेतु, ओह माय गॉड 2, सेल्फी, बड़े मियां छोटे मियां जैसी फिल्में शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications












