अक्षय कुमार, अजय देवगन, ऐश्वर्या राय स्टारर इस फिल्म के सीक्वल का ऐलान, 20 सालों के बाद अब शूटिंग होगी शुरु!

Khakee to get a sequel after 20 years: राजकुमार संतोषी की सुपरहिट कॉप एक्शन ड्रामा 'खाकी' के सीक्वल का ऐलान हो चुका है। अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अक्षय कुमार, ऐश्वर्या राय बच्चन और तुषार कपूर स्टारर यह फिल्म 2004 में सिनेमाघरों में आई थी और बड़ी सफल साबित हुई थी।
अपनी रिलीज़ के लगभग 20 साल बाद, अब 'खाकी' का अब सीक्वल बन रहा है। दिवंगत निर्माता केशू रामसे के बेटे, आर्यमन रामसे ने इसकी पुष्टि की है। साथ ही उन्होंने कई दिलचस्प डिटेल भी शेयर किये हैं।
अगले साल फ्लोर पर आएगी फिल्म
आर्यमन ने कहा, "हां, हम खाकी के सीक्वल की योजना बना रहे हैं। स्क्रिप्टिंग जारी है और हमारे दिमाग में एक बुनियादी कहानी है। हम अगले साल इस फिल्म के साथ फ्लोर पर जाने की योजना बना रहे हैं। खास बात है कि अगले साल ही इस फिल्म की रिलीज को 20 साल पूरे होंगे, जिसे आज भी फैंस और दर्शकों द्वारा याद किया जाता है और देखा जाता है।"
स्क्रिप्ट के बारे में ज्यादा कुछ बताए बिना उन्होंने आगे कहा, "यह एक ताजा कहानी है जो वर्तमान समय पर आधारित है और इसमें ओरिजनल फिल्म के आगे की कहानी होगी।"
अक्षय, अजय नहीं हो सकते शामिल
सीक्वल की कास्टिंग के बारे में पूछे जाने पर, आर्यमन ने कहा, "मेरा परिवार अक्षय सर के करीब है, लेकिन अफसोस उनका किरदार पहले भाग में मर जाता है, इसलिए हम उन्हें कास्ट नहीं कर सकते। अजय सर (अजय देवगन) और ऐश्वर्या का किरदार भी मर जाता है। लिहाजा, जैसे ही मेरे पास उचित स्क्रिप्ट होगी मैं सबसे पहले अमितजी (अमिताभ बच्चन) के साथ बातचीत शुरू करूंगा। मैं चाहूंगा कि तुषार कपूर भी फिल्म में अपना किरदार जारी रखें। उनके साथ, हम एक नई कास्टिंग करेंगे। मेरी राजकुमार संतोषजी से बात हुई है और मैं उम्मीद करता हूं कि सीक्वल का निर्देशन वही करें।"


Click it and Unblock the Notifications











