उत्तराखंड के ब्राण्ड एंबेसडर बने अक्षय कुमार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की खास मुलाकात- PICS
अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। वो मसूरी में फिल्म के सेट से कई वीडियो भी शेयर कर रहे हैं, जहां वो मसूरी के मौसम का आनंद उठाते दिख रहे हैं। इस बीच उन्होंने सोमवार (7 फरवरी) सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून स्थित धामी स्थित आवास पर मुलाकात की।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 से कुछ दिन पहले, राज्य सरकार ने अक्षय कुमार से एक प्रस्ताव लेकर संपर्क किया था, जिसे बाद में स्वीकार कर लिया गया। एएनआई से बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "हमने अक्षय कुमार को एक प्रस्ताव दिया था, उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। वह उत्तराखंड के ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी काम करेंगे।"

बता दें, उत्तराखंड की 70 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव 14 फरवरी को होगा। मुख्यमंत्री और अक्षय कुमार की इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जहां अक्षय फूल लेते और पारंपरिक टोपी पहने दिख रहे हैं।

उत्तराखंड में अक्षय कुमार
मुख्यमंत्री धामी ने अक्षय कुमार को केदारनाथ मंदिर की प्रतिमूर्ति भी भेंट की है। बता दें, अक्षय कुमार शूटिंग के सिलसिले में उत्तराखंड पहुंचे हैं।उन्होंने उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए बहुत ही बेहतरीन जगह बताया। अक्षय अपनी वीडियोज में भी राज्य की तारीफ करते दिख रहे हैं।

फिल्म की शूटिंग
अक्षय मसूरी में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। उन्होंने शूटिंग के दौरान की एक वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वो बर्फबारी का मजा लेते दिख रहे हैं।फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रकुल प्रीत सिंह दिखेंगी।

'रत्सासन' की हिंदी रीमेक
बता दें, यह सुपरहिट तमिल फिल्म 'रत्सासन' की हिंदी रीमेक है। जिसमें अक्षय एक पुलिस अफसर के रोल में दिखेंगे। सेट से वीडियो शेयर करते हुए सुपरस्टार ने लिखा- "मैं बहुत सौभाग्यशाली हूं कि मेरे पास ऐसी जॉब है जिसकी वजह से मैं इतने खूबसूरत अनुभव ले पाता हूं। मसूरी में शूट करना एक सपने जैसा है.."

साइको किलर की कहानी
रिपोर्ट्स के अनुसार, मसूरी में फिल्म की शूटिंग चार दिन तक चलेगी। ये हिंदी रीमेक एक साइको किलर की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो युवा लड़कियों को अपना शिकार बनाता है और बार-बार पुलिस की गिरफ्त से बच निकलता है।

मिशन सिंड्रेला
रिपोर्ट्स की मानें तो हिंदी रीमेक का टाइटल दिया गया है- मिशन सिंड्रेला। 'बेल बॉटम' निर्देशक रंजीत तिवारी इस क्राइम थ्रिलर फिल्म का हिंदी रीमेक बनाने वाले हैं। वहीं, बेल बॉटम के बाद, इस फिल्म को भी जैकी भगनानी प्रोड्यूस कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications