बेटे के कहने पर चैरिटी करते हैं अक्षय
मुंबई। बॉलीवुड के कई अभिनेता समय समय पर सामाजिक संस्थाओं को मदद करने के लिए चर्चा में रहते है। अब इसमें एक नाम अक्षय कुमार का भी जुड़ गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि अक्षय कुमार अपने बेटे के कहने पर चैरिटी करते हैं। अक्षय के बेटे आरव के बारे में सूत्र बताते हैं कि वह अक्सर चैरिटेबल संस्थाओं में अपने कपड़े और खिलौने दान करने के लिए जाते हैं।
आरव इसके लिए डैड अक्षय को भी प्रेरित करते हैं। आरव और अक्षय जब भी अपनी कबर्ड साफ करते है तो ऐसी चीजें जिनकी उन्हें जरूरत नहीं है, आरव उन्हें लेकर अंधेरी के अनाथालय में चले जाते हैं और दान करते हैं।
यह भी बताया जाता है कि आरव ने जब बच्चों को शिक्षित करने के एक कार्यक्रम के बारे में सुना तो अक्षय से इसमें मदद करने को कहा। आरव अभी 11 साल के हैं लेकिन वह लोगों को पर्यावरण के बारे में बताने और पेड़ लगाने के लिए भी उत्साहित करते हैं।
अक्षय बॉलीवुड के सबसे व्यस्त सितारों में से एक माने जाते हैं। वह साल में तीन से चार फिल्में भी करते है। इसके बावजूद अपने बेटे के कहने पर सामाजिक कार्यों में मदद के लिए वक्त निकाल लेते हैं।


Click it and Unblock the Notifications












