फरहान अख्तर की इस फिल्म को देख गद-गद हुए अखिलेश यादव, बांधे तारीफों के पुल कहा- ये मूवी सबको देखनी चाहिए...

फरहान अख्तर की फिल्म 120 बहादुर सिनेमाघरों में 21 नवंबर को रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म साल की सबसे ज़्यादा इंतजार की गई फिल्मों में से एक, इस फिल्म को मीडिया और सेलेब्रिटीज़ से शुरुआती शानदार रिव्यू मिलने लगे हैं। थिएट्रिकल डेब्यू के साथ ही 120 बहादुर देशभर में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। इसी बीच, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने फिल्म देखी और जमकर फिल्म की तारीफ की। चलिए जानते हैं कि अखिलेश यादव ने क्या कुछ कहा।
अखिलेश यादव ने जमकर की फिल्म की तारीफ
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जब 120 बहादुर देखी, तो उन्होंने मीडिया से इस पर बात की। उन्होंने कहा, "यह फिल्म (120 बहादुर) हमारी नई पीढ़ी और खासकर हमारे जवानों को सेना के उस सुनहरे इतिहास की याद दिलाती है, जिस पर हमें बेहद गर्व है। भारतीय सेना दुनिया की सबसे बहादुर सेनाओं में से एक है, जो सबसे कठिन हालात में देश की सीमाओं की रक्षा करती है। फिल्म में रेज़ांग ला की लड़ाई और उस दौर के युद्ध की जो जानकारी दिखाई गई है, वह एक सच्ची कहानी है, एक असली जंग, जिसे असाधारण हिम्मत के साथ लड़ा गया था। कैप्टन रामचंदर यादव और कई अन्य बहादुर सैनिकों ने जो शौर्य दिखाया था, वह अनमोल है... यह फिल्म हर किसी को देखनी चाहिए..."
रेज़ांग ला की लड़ाई पर आधारित है यह फिल्म
बता दें कि 120 बहादुर, 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 भारतीय सैनिकों की जबरदस्त बहादुरी को दिखाती है, जिन्होंने 1962 के युद्ध में हुई मशहूर रेज़ांग ला की लड़ाई में हिस्सा लिया था। फरहान अख्तर इस फिल्म में मेजर शैतान सिंह भाटी, PVC, की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने साथियों के साथ मिलकर भारतीय सेना के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक में हर मुश्किल के सामने डटे रहे। फिल्म के दिल में एक ही अटूट लाइन गूंजती है: 'हम पीछे नहीं हटेंगे।'
यह फिल्म रज़नीश 'रेज़ी' घोष ने डायरेक्ट की है और इसे रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) ने प्रोड्यूस किया है। यह एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्म अब थिएटर्स में रिलीज़ हो चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications











