चलती ट्रक के ऊपर चढ़कर नाच रहा था Ajith Kumar का फैन, फिल्म रिलीज का जश्न मनाते मनाते हो गई दर्दनाक मौत

Ajith Kumar fan died: पोंगल से पहले, कॉलीवुड के सुपरस्टार्स विजय और अजीत कुमार की फिल्में एक ही दिन रिलीज हुई हैं। जिसके बाद से ही दोनों सुपरस्टार्स के फैंस के बीच जबरदस्त कंपिटिशन देखने को मिल रहा है। फैंस के बीच मारपीट होने की खबरें भी सामने आई हैं। विजय की वरिसु और अजीत कुमार की थुनिवु, दोनों फिल्में 11 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है।
अजीत कुमार की 'थुनिवु' का फैंस काफी समय से इंतजार कर रहे थे। लिहाजा, जब फिल्म रिलीज हुई तो भारी संख्या में फैंस थियेटर्स पहुंचे। सिनेमाघरों के बाहर पटाखे फोड़कर, पोस्टर और बैनर लगातार जश्न भी मनाया गया। लेकिन यह खुशी तब गायब हो गई, जब जश्न मनाने के दौरान एक फैन की मौत हो गई।
घटना कोयम्बेडु की है, जहां अजीत कुमार की फिल्म की रिलीज का जश्न मनाने के लिए चलती टैंकर लॉरी में डांस कर रहे एक 19 वर्षीय युवक की लॉरी से गिरने से मौत हो गई।
अजीत के सैकड़ों फैंस आधी रात से ही कोयम्बेडु में रोहिणी थिएटर कॉम्प्लेक्स में जमा हो गए थे, जहां उनकी फिल्म रिलीज हुई है। इसी मौके पर कुछ फैंस टैंकर लॉरी के ऊपर चढ़कर डांस कर रहे थे। इन्हीं में से एक अति उत्साही फैन (भरत कुमार) ने लॉरी से छलांग लगा दी। लॉरी धीमी चल रही थी, लेकिन गिरने से भरत कुमार की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लग गई। उन्हें तुरंत सरकारी किलपौक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहीं उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि भरत कुमार फिल्म का सुबह 1 बजे का शो देखने आया था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
बता दें, अजीत कुमार की 'थुनिवु' और विजय की 'वारिसु' को देखने के लिए सिनेमाघरों में फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी है। कई जगहों पर इस दौरान दोनों सुपरस्टार्स के फैंस आपस में भिड़ गए, जिन्हें शांत कराने के लिए पुलिस को फैंस पर लाठीचार्ज करना पड़ा।


Click it and Unblock the Notifications