अजय देवगन की 'भोला' होगी बॉलीवुड की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म, धमाकेदार सीक्वेंस की चल रही है शूटिंग- डिटेल्स
अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित एक्शन ड्रामा फिल्म 'भोला' की शूटिंग फिलहाल हैदराबाद में चल रही है। माना जा रहा है कि ये फिल्म इंडियन सिनेमा के एक्शन से भरपूर जॉनर में हलचल मचाने जा रही है। अजय देवगन के डायरेक्शन में बनने वाली यह चौथी फिल्म एक्शन को रिडिफाइन करने जा रही है।
हम सभी जानते हैं कि तीन दशक पहले अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले अजय ने एक्शन सीक्वेंस के ग्राफ को उसी वक्त रीराइट कर दिया था, जब वह अपनी पहली फिल्म 'फूल और कांटे' में दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे।

मास ऑडियंस के पसंदीदा सुपरस्टार अजय देवगन स्क्रीन पर एक्शन और जांबाजी के पर्याय बन चुके हैं। ऐसे में फिल्म भोला के सेट से खबर आई है कि इस बार अजय ने फिल्म में एक्शन के स्तर को एकदम नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
हर एक्शन सीक्वेंस को 10 दिनों में शूट किया जा रहा है। शूटिंग के लिए न केवल शानदार सेट बनाए गए हैं, बल्कि अजय देवगन ने कुछ दम साधने वाले ऐसे सीक्वेंस डिजाइन करने के लिए अवार्ड-विनिंग एक्शन-डाइरेक्टर्स रमजान बुलुत और आरपी यादव के साथ साझेदारी की है, जो हैरान और विस्मित कर देंगे। कुछ बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय तकनीशियन भी भोला के शेड्यूल में शामिल किए गए हैं।

सबसे बड़ी एक्शन फिल्म
अजय देवगन और तब्बू स्टारर इस फिल्म को इंडियन सिनेमा की सबसे बड़ी एक्शन फिल्मों में गिना जा रहा है। साथ ही अब तक के अनदेखे स्टंट्स को बड़े पर्दे पर उतारने का अजय का सपना साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।

तमिल फिल्म कैथी की हिंदी रीमेक
यू मी और हम, शिवाय और रनवे 34 के बाद, अजय देवगन इस हाई-ऑक्टेन एक्शन इमोशनल ड्रामा फिल्म का निर्देशन करेंगे। यह ब्लॉकबस्टर तमिल फिल्म कैथी की हिंदी रीमेक होगी, जिसमें अजय देवगन और तब्बू साथ दिखेंगे।

रिलीज डेट
यह 30 मार्च 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।फिल्म को रिलांयस एंटरटेनमेंट और ड्रीम वॅारियर पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस करेंगे। तबू के अलावा, फिलहाल फिल्म से जुड़े बाकी स्टारकास्ट का नाम सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि इस रीमेक को ओरिजनल फिल्म से काफी अलग बनाया जा रहा है।

एक्शन- थ्रिलर
जाहिर है अजय देवगन फैंस इस खबर से बेहद उत्साहित हैं। 2019 में रिलीज यह तमिल फिल्म एक्शन- थ्रिलर थी। जिसका निर्देशन लोकेश कनकराज ने किया है। तमिल स्टार्स कार्ती और नारायण अभिनीत ये फिल्म सुपरहिट रही थी।

लाइट्स, कैमरा, एक्शन
रनवे 34 के तुरंत बाद भोला का निर्देशन करना अभिनेता के लिए कितना आसान या मुश्किल रहा.. यह पूछे जाने पर अभिनेता ने कहा, "दरअसल, हमारी तैयारी पहले से ही थी। यहां सिर्फ कैमरे के पीछे फिर से आने और तीन जादुई शब्द कहने की देरी थी- लाइट्स, कैमरा, एक्शन।"

आने वाली फिल्में
बहरहाल, फिलहाल अजय देवगन के पास आने वाली फिल्मों की लंबी लाइन है, जो 2022 और 2023 में रिलीज होने वाली हैं। इन फिल्मों में शामिल है- मैदान, थैंक गॉड, भोला, दृश्यम 2, रेड 2, सिंघम 3..


Click it and Unblock the Notifications