Maidaan Release Date: अजय देवगन की फिल्म को मिली नई तारीख, प्रसिद्ध फुटबॉल कोच का निभाएंगे किरदार

अजय देवगन [Ajay Devgn] स्टारर फिल्म 'मैदान' की नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। कोविड की वजह से लंबे समय से टलते टलते अब ये फिल्म 17 फरवरी 20123 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। अमित शर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अजय देवगन प्रसिद्ध फुटबॉल कोच सयैद अब्दुल रहीम का किरदार निभा रहे हैं।
मैदान पर बात करते हुए फिल्म के निर्माता बोनी कपूर ने कहा था कि यह अजय देवगन के करियर की लैंडमार्क फिल्म साबित होगी। फिल्म में अजय देवगन के साथ प्रियमणि, गजराव राव और रूद्रनील घोष भी अहम किरदारों में होंगे।
इस फिल्म पर बात करते हुए बोनी कपूर ने बताया कि 'मैदान' 1950 से 1965 तक अनकही कहानियों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा, "मैदान के बारे में अच्छी बात यह है कि आज की पीढ़ी को यह नहीं पता है कि भारतीय फुटबॉल ने उन वर्षों में क्या हासिल किया है। स्क्रीनप्ले में कई सरप्राइज हैं। और हमारी फिल्म सिर्फ फुटबॉल से भरी नहीं होगी.. इसमें खिलाड़ियों और परिवारों को शामिल करने वाली बहुत सारी भावनाएं हैं।"
फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और बंगाली में रिलीज़ हो रही है। फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं 'बधाई हो' फेम अमित रविंदरनाथ शर्मा और इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं ज़ी स्टूडियो और बोनी कपूर।
फिल्म में भारतीय फुटबॉल का स्वर्ण काल (The Golden Era of Indian Football) दिखाया जाएगा। सैयद अब्दुल रहीम, भारत के सबसे बड़े फुटबॉल कोच में से एक माने जाते हैं, जिन्होंने 1952 से 1962 तक राज किया। सैयद पेशे से टीचर थे। उनमें लोगों को प्रोत्साहित करने की खूबी थी। इसी का फायदा उन्हें मिला और 1943 में उन्हें हैदराबाद सिटी पुलिस की फुटबॅाल टीम के साथ बतौर कोच रखा गया। उनके आने के बाद हैदराबाद टीम ने कई बार कप जीता। कई बार फाइनल में भी पहुंची।
कैंसर होने के बाद भी देश और खेल के प्रति उन्होंने अपना जोश हमेशा कायम रखा। 1962 में एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने फिर से अपनी टीम का गठन किया। भारतीय टीम ने सैयद के नेतृत्व में खुद को फाइनल तक पहुंचाया।


Click it and Unblock the Notifications












