बॉक्स ऑफिस हिट देने पर बोले अजय देवगन- 'मुझ पर स्टारडम का दवाब नहीं है, फिल्में मेरी जिंदगी हैं'
लगभग तीन दशक से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मजबूत जगह बनाए सुपरस्टार अजय देवगन इन दिनों बैक टू बैक फिल्मों की शूटिंग और रिलीज में व्यस्त हैं। कोविड काल ने जहां कई सितारों की गति धीमी कर दी, वहीं अजय देवगन लगातार अपनी फिल्मों पर काम करते रहे हैं। फिलहाल सुपरस्टार अपनी आगामी 'भोला' की शूटिंग कर रहे हैं।
अपनी फिल्मों पर बात करते हुए अजय देवगन ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, "मुझे यह सोचना अच्छा लगता है कि मैं हर दिन काम करने जा रहा हूं। मैं बस इतना ही चाहता हूं। मैं अपने लिए कोई ढिलाई बरतने में विश्वास नहीं करता क्योंकि पिछले दो वर्षों में कोविड ने हमें अनिवार्य रूप से धीमा कर दिया है। हम सबने अपना कीमती समय खोया है।"

आगामी फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस हिट देने के दवाब पर बात करते हुए अजय देवगन ने कहा कि फिल्में मेरी जिंदगी है। उन्होंने कहा, "मैं हर फिल्म के साथ दबाव महसूस करता हूं, सिर्फ इसलिए नहीं कि मेरा स्टारडम दांव पर है। लेकिन इसीलिए क्योंकि फिल्में मेरी जिंदगी हैं। मैं फिल्मों के साथ ही खाता, पीता और सोता हूं। मेरे लिए हर फिल्म एक विशेष निवेश है। फिल्में मेरे लिए स्टारडम के बारे में नहीं हैं। वह मेरा जीवन है।"
गौरतलब है कि फिलहाल अजय देवगन के पास 7-8 फिल्में लाइन में हैं, जो साल 2022- 2023 तक रिलीज होने वाली हैं। यहां देंखे उनके आगामी फिल्मों की लंबी लिस्ट-

गंगूबाई काठियावाड़ी
आलिया भट्ट स्टारर संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में अजय देवगन कैमियो लेकिन अहम भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं। फिल्म में उनका रोल 20 मिनटों का है। फिल्म 25 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

आरआरआर
बाहुबली निर्देशक एसएस राजामौली की अगली बिग बजट फिल्म RRR में रामचरण और जूनियर एनटीआर के साथ अजय देवगन और आलिया भट्ट दिखेंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में अजय देवगन का रोल 10 मिनटों का ही है, लेकिन बहुत दमदार है। फिल्म 7 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोविड की वजह से टाल दी गई है।

रनवे 34
अजय देवगन ने निर्देशन में बन रही फिल्म 'रनवे 34' एक थ्रिलर ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें अजय देवगन, अमिताभ बच्चन और रकुल प्रीत सिंह मुख्य किरदारों में होंगे। फिल्म ईद के मौके पर 29 अप्रैल को रिलीज हो रही है।

मैदान
सैयद अब्दुल रहीम पर आधारित इस फिल्म के निर्देशक हैं अमित शर्मा, जिन्होंने 2018 में बधाई हो जैसी सुपरहिट फिल्म दी है। फिल्म में अजय देवगन के साथ दिखेंगी प्रियमणि। फिल्म 3 जून को थियेटर में रिलीज होने वाली है।

थैंक गॉड
'थैंक गॉड' एक हल्की फुल्की कॉमेडी फिल्म होगी। फिल्म में सिद्धार्थ एक पुलिस अफसर की भूमिका निभा रहे हैं। इंद्र कुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को भूषण कुमार और यश शाह प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं, सूत्रों की मानें तो फिल्म में अजय देवगन गॉड यानि की भगवान का किरदार निभा रहे हैं।फिल्म 29 जुलाई 2022 को रिलीज होने वाली है।

रूद्र - द एज ऑफ डार्कनेस
इन सारी फिल्मों के अलावा,अजय देवगन डिज़्नी हॉटस्टार की वेब सीरीज़ रूद्र - द एज ऑफ डार्कनेस के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रहे हैं। सीरिज में अजय देवगन के साथ ईशा देओल दिखेंगी।

भोला
यह सुपरहिट तमिल एक्शन फिल्म 'कैथी' की हिंदी रीमेक होगी। फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं धर्मेंद्र शर्मा और मुख्य किरदार में होंगे अजय देवगन। फिल्म को रिलांयस एंटरटेनमेंट और ड्रीम वॅारियर पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस करेंगे। फिलहाल फिल्म से जुड़े बाकी स्टारकास्ट का नाम सामने नहीं आया है।

गोबर!
अजय देवगन ने निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर से कॉमेडी- ड्रामा फिल्म 'गोबर!' के लिए हाथ मिलाया है। फिल्म का निर्देशन सबल शेखावत करेंगे। फिलहाल फिल्म से बतौर एक्टर भी अजय देवगन जुड़ने वाले हैं या नहीं, इसका खुलासा नहीं किया गया है।

'नांधी' की हिंदी रीमेक
तेलुगु हिट फिल्म 'नांधी' के लिए अजय देवगन और दिल राजू ने बतौर निर्माता हाथ मिलाया है। नांधी एक क्राइम कोर्टरूम ड्रामा है, जो ना सिर्फ समीक्षकों द्वारा सराही गई थी, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी हिट रही थी। फिलहाल नांधी के हिंदी रीमेक के लिए निर्देशक और स्टारकास्ट फाइनल नहीं किया गया है।

भारत- चीन तनाव पर फिल्म
लद्दाख के गलवान घाटी में हुए भारत- चीन तनाव पर अजय देवगन फिल्म बनाने वाले हैं। फिल्म को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, इसमें 20 भारतीय सेना के जवानों के बलिदान की कहानी सुनाई जाएगी, जिन्होंने चीनी सेना का मुकाबला किया था। फिलहाल फिल्म का नाम और कास्ट फाइनल नहीं किया गया है। फिल्म को अजय देवगन और सेलेक्ट मीडिया होल्डिंग्स एलएलपी प्रोड्यूस करेंगे।

सिंघम 3
रोहित शेट्टी जल्द ही सिंघम पर काम शुरु करने वाले हैं। फिल्म में अजय देवगन ही होंगे। सूर्यवंशी के क्लाईमैक्स में रोहित शेट्टी ने सिंघम 3 को लेकर बड़ा हिंट दिया है।

रेड 2
निर्माता कुमार मंगत अजय देवगन के साथ फिल्म 'रेड 2' भी बनाने वाले हैं। इत्र कारोबारी पीयूष जैन के कानपुर और कन्नौज ठिकानों पर पड़ी डीजीजीआई की छापेमार कार्रवाई पर ये फिल्म की कहानी होगी। उन्होंने यह घोषणा वाराणसी में आयोजित पहले 'काशी फिल्म महोत्सव' में एक पैनल चर्चा के दौरान की।


Click it and Unblock the Notifications