अजय देवगन - सिद्धार्थ मल्होत्रा - रकुल प्रीत सिंह की थैंक गॉड इस दिन होगी रिलीज़, फाईनल हुई तारीख
कोरोना के बाद से बॉलीवुड में लगातार फिल्मों की बौछार हो रही है। कोरोना काल में जहां लगातार एक के बाद एक नई फिल्में अनाउंस हुईं वहीं अब थिएटर खुलने के बाद एक के बाद एक फिल्मों की रिलीज़ डेट अनाउंस की जा रही है। 2022 का पहला हाफ जहां लबालब फिल्मों से भर चुका है वहीं 2023 तक के त्योहार भी बुक हो चुके हैं।
अब अजय देवगन - सिद्धार्थ मल्होत्रा - रकुल प्रीत सिंह स्टारर थैंक गॉड की रिलीज़ डेट भी फाईनल हो चुकी है। इंदर कुमार इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं और इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं भूषण कुमार।

फिल्म 29 जुलाई 2022 को रिलीज़ हो रही है। इंदर कुमार और अजय देवगन ने आखिरी बार टोटल धमाल में साथ में काम किया था और ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट थी। इससे पहले इंदर कुमार, अजय देवगन के साथ इश्क जैसी सुपरहिट फिल्म दे चुके हैं। वहीं वो दिल, बेटा, राजा जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

यमराज की भूमिका में अजय देवगन
ये फिल्म एक सोशल कॉमेडी है जिसमें अजय देवगन यमराज की भूमिका में दिखाई देंगे। इससे पहले, संजय दत्त, वाह लाईफ हो तो ऐसी में यमराज के हल्के फुल्के किरदार में दिखाई दे चुके हैं। माना जा रहा है कि अजय देवगन का ये किरदार, कहीं ना कहीं, ओह माय गॉड में अक्षय कुमार के भगवान श्रीकृष्ण के किरदार से प्रेरित होगा।

बॉक्स ऑफिस से उम्मीदें
फिल्म से अजय देवगन का लुक बाहर आ चुका है जिसे फैन्स ने काफी पसंद किया था। दिलचस्प है कि अजय देवगन ने बॉक्स ऑफिस पर इस दशक की शुरूआत तान्हाजी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के साथ की है। वहीं मेहमान भूमिका में ही सही लेकिन उनकी दूसरी फिल्म सूर्यवंशी भी ब्लॉकबस्टर बनने की राह पर है। ऐसे में अजय देवगन के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन से सभी को काफी उम्मीदें हैं।

फिल्म के कॉप सिद्धार्थ
फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा एक कॉप की भूमिका में हैं। जब फिल्म से उनका ये लुक बाहर आया तो सिद्धार्थ ने इसे शेयर करते हुए लिखा था - रोहित शेट्टी सर से मिलने का वक्त आ गया है। रोहित शेट्टी ने भी इसका जवाब देते हुए कहा था कि नाम भी S से है (रोहित शेट्टी के सभी कॉप हीरो का नाम S से शुरू होता है - सिंघम, सिंबा, सूर्यवंशी)। लेकिन ये मज़ाक की बात सच में बदल चुकी है क्योंकि रोहित शेट्टी नेटफ्लिक्स के लिए एक कॉप सीरीज़ बना रहे हैं जिसके हीरो हैं सिद्धार्थ मल्होत्रा।

रकुल प्रीत सिंह का किरदार
फिल्म में रकुल प्रीत सिंह का किरदार काफी अलग है और वो सिद्धार्थ मल्होत्रा के अपोज़िट दिखाई देंगी। वैसे ये पहली बार नहीं है जब रकुल प्रीत सिंह, सिद्धार्थ मल्होत्रा को रोमांस करेंगी। वो अय्यारी और मरजावां में सिद्धार्थ मल्होत्रा के अपोज़िट दिखाई दे चुकी हैं। वहीं दे दे प्यार दे नाम की फिल्म में वो अजय देवगन के साथ भी रोमांस कर चुकी हैं।

शानदार है आने वाली फिल्मों की लिस्ट
रकुल प्रीत सिंह की आने वाली फिल्मों की लिस्ट भी बेहतरीन है। थैंक गॉड के अलावा वो दो और सोशल कॉमेडी कर रही हैं - पहली है आयुष्मान खुराना के साथ डॉक्टर जी जो एक पुरूष गायनाकॉलोजिस्ट की कहानी है। वहीं छतरीवाली नाम की फिल्म में रकुल एक कंडोम टेस्टर की भूमिका में दिखाई देंगी। इसके अलावा वो अक्षय कुमार की फिल्म मिशन सिंड्रेला में भी अहम भूमिका में दिखेंगी। इन चार फिल्मों के साथ ही रकुल प्रीत सिंह जॉन अब्राहम की अटैक और अजय देवगन की मे डे का हिस्सा हैं और इन फिल्मों की शूटिंग पूरी कर चुकी हैं।

बन चुके हैं स्टार
दिलचस्प है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा भी शेरशाह की सफलता के बाद रातों रात स्टार बन चुके हैं। माना जा रहा है कि अगर उनकी फिल्म थिएटर में रिलीज़ होती तो इस फिल्म का हाल भी विकी कौशल की उरी जैसा होता। ऐसे में अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की टीम, फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता दिला सकती है। खबरें हैं कि कोरोना की वजह से फिल्म काफी नुकसान झेल चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications











