अजय देवगन की इस शानदार अवार्ड विनिंग फिल्म का बनेगा Remake, नाराज फैंस ने पूछा- क्यों, क्या जरूरत है?

Omkara Remake: साल 2006 में आई विशाल भारद्वाज की फिल्म 'ओंकारा' ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी, बल्कि क्रिटिक से भी फिल्म को दमदार तारीफ मिली थी। अजय देवगन, करीना कपूर खान, सैफ अली खान, कोंकणा सेन शर्मा, विवेक ओबेरॉय और बिपाशा बसु स्टारर इस फिल्म को अपने कंटेंट, परफॉर्मेंस, म्यूजिक और शानदार डायरेक्शन के लिए आज भी याद किया जाता है। अब फिल्म के रीमेक की घोषणा की गई है।
आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स ने 'देसी बॉयज' के सीक्वल और 'ओंकारा' के रीमेक के निर्माण के लिए इरोज इंटरनेशनल और पराग सांघवी के साथ हाथ मिलाया है। बहरहाल, ओंकारा के रीमेक बनाने की खबर फैंस के गले से नीचे नहीं उतर रही है।
आनंद पंडित कहते हैं, "हां, यह सच है कि मैंने इरोज इंटरनेशनल और पराग सांघवी के साथ दो आइकॉनिक फिल्मों के सीक्वल और रीमेक बनाने के लिए सहयोग किया है। इन दोनो फिल्मों की कहानी, स्टार कास्ट और संगीत के लिए उन्हें आज भी याद किया जाता है। अलग-अलग कारणों से उनकी एक कल्ट फॉलोइंग है और ऐसा लगता है कि इन हिट फिल्मों को फिर से देखने और अपनी कहानियों को आगे बढ़ाने के लिए यह सही समय है।"
विशाल भारद्वाज द्वारा सह-लिखित और निर्देशित, ओंकारा एक क्राइम ड्रामा फिल्म है, जिसे विलियम शेक्सपियर के ओथेलो से adapt किया गया है। 54वें नेशनल अवार्ड में इस फिल्म को 3 अवार्ड मिले थे। इसके अलावा सभी अवार्ड्स को मिलाकर देखा जाए तो फिल्म ने कुल 41 अवार्ड्स अपने नाम किये थे। इस फिल्म के लिए सैफ अली खान को बेस्ट एक्टर इन निगेटिव रोल का फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला था।
लिहाजा, अब जबकि इसके रीमेक का ऐलान हो चुका है.. फैंस काफी खफा हैं कि क्यों उनकी यादों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। फैंस का मानना है कि उस फिल्म की सफलता को दोहराना बेहद मुश्किल है।


Click it and Unblock the Notifications












