'बॉक्स ऑफिस आंकड़ों से ना मैं परेशान होता हूं, ना ही इस पर कभी बात करता हूं'- अजय देवगन
अजय देवगन स्टारर फिल्म 'भुज द प्राइड ऑफ इंडिया' डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होने के लिए तैयार है। यह अजय देवगन की पहली फिल्म होगी जो ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। इससे पहले उनकी फिल्म तान्हाजी थियेटर में रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन दिखाया था।
बहरहाल, हाल ही में जब मीडिया से बात करते हुए अजय देवगन से बॉक्स ऑफिस आंकड़ों से सवाल किया गया तो अभिनेता ने कहा कि बॉक्स ऑफिस आंकड़ों को लेकर वो कभी परेशान नहीं होते हैं और ना ही उन्हें इस नंबर रेस की चिंता है।

एक्टर ने कहा, बॉक्स ऑफिस का ये रेस लोगों द्वारा क्रिएट किया हुआ है। मैंने इस पर कभी ध्यान नहीं दिया है। मुझे ये बेकार की बातें लगती हैं इसीलिए कभी इस रेस से डर भी नहीं लगता है।
बता दें, अजय देवगन के पास फिलहाल फिल्मों की लंबी लाइन है। भुज के बाद, अजय देवगन की रिलीज होने वाली फिल्मों में मैदान, आरआरआर, मे डे, थैंक गॉड, गंगूबाई काठियावाड़ी, कैथी रीमेक जैसी फिल्में शामिल हैं।
बहरहाल, भुज की रिलीज से पहले, यहां जानें बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन की टॉप फिल्में-

तान्हाजी
यह अजय देवगन की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है। फिल्म ने 279 करोड़ का कलेक्शन किया था और बॉलीवुड की टॉप 10 फिल्मों में शामिल है। फिल्म 2020 जनवरी में रिलीज हुई थी।

गोलमाल अगेन
2017 में रिलीज इस फिल्म ने 205.72 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म सुपरहिट रही.. यह अजय देवगन की दूसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी।

टोटल धमाल
2019 में आई मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म टोटल धमाल ने 154 करोड़ का कलेक्शन किया। फिल्म हिट रही थी। फिल्म में अजय देवगन के साथ अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित, अरशद वारसी दिखे थे।

सिंघम रिटर्न्स
141 करोड़ के साथ यह अजय देवगन की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया था।

गोलमाल 3
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म गोलमाल 3 भी सुपरहिट रही थी। फिल्म ने 107 करोड़ की कमाई की थी।

सन ऑफ सरदार
105.53 करोड़ के कलेक्शन के साथ अजय देवगन- सोनाक्षी सिन्हा की सन ऑफ सरदार भी सुपरहिट फिल्म रही थी। 2012 में आई इस फिल्म का निर्देशन अश्विनी धीर ने किया था।

दे दे प्यार दे
2019 में ही रिलीज अजय देवगन- तब- रकुल प्रीत की यह रोमांटिक- कॉमेडी लोगों को पसंद आई थी। फिल्म ने 102.40 करोड़ का कलेक्शन किया था।

बोल बच्चन
रोहित शेट्टी की इस मल्टीस्टारर फिल्म ने 102 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म में अजय देवगन, अभिषेक बच्चन मुख्य किरदारों में थे।

रेड
2018 में आई अजय देवगन और इलियाना डिक्रूज की इस फिल्म ने 101.54 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।

शिवाय
अजय देवगन की इस फिल्म ने 100.35 करोड़ की कमाई की थी। हालांकि फिल्म ऐवरेज रही थी.. क्योंकि फिल्म का बजट काफी ज्यादा था।


Click it and Unblock the Notifications











