अजय देवगन की मेगा ड्रीम प्रोजेक्ट, 400 करोड़ के भारी भरकम बजट की फिल्म पर तैयारी शुरु!
अजय देवगन इन दिनों बॉलीवुड के सबसे व्यस्त सितारों में हैं। अभिनेता एक के बाद एक अपनी फिल्मों की शूटिंग खत्म कर रहे हैं। बता दें, ना सिर्फ अभिनय बल्कि अजय देवगन अपनी आने वाली कुछ फिल्मों का निर्देशन भी कर रहे हैं। इस बीच ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो अभिनेता एक फिल्म के निर्देशन की तैयारी में जुट चुके हैं, जिसका बजट 400 करोड़ से ऊपर का बताया जा रहा है।
इस मेगा प्रोजेक्ट को अजय देवगन की ड्रीम प्रोजेक्ट बताया जा रहा है, जो कि साल 2024 में रिलीज हो सकती है। फिलहाल इसके स्क्रिप्ट पर काम किया जा रहा है।

पिंकविला के रिपोर्ट की मानें तो, अजय देवगन के एक करीबी सूत्र ने उन्हें बताया कि अजय के दिमाग में यह विषय लंबे समय से था। अजय देवगन ने अपने विजन और मूल कहानी को कई लेखकों के साथ शेयर किया है, जो वर्तमान में इसे एक पूर्ण पटकथा के रूप में विकसित करने का काम कर रहे हैं। ये एक इमोशनल और वीएफएक्स से भरपूर फिल्म होगी। अभिनेता इस दुनिया को एक्सप्लोर करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।
सूत्र ने यह साफ बताया कि यह कोई पीरियड फिल्म नहीं होगी। फिल्म का बजट फिलहाल 400 करोड़ तक माना जा रहा है, लेकिन स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद ही असल बजय का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बहरहाल, इन दिनों अजय देवगन के पास फिल्मों की लाइन लगी है। कुछ फिल्मों से वो बतौर एक्टर जुड़े हैं, तो कुछ को प्रोड्यूस कर रहे हैं, वहीं निर्देशन का जिम्मा भी उठा रहे हैं। यहां जानें अजय देवगन की आने वाली फिल्में-

मैदान
सैयद अब्दुल रहीम पर आधारित इस फिल्म के निर्देशक हैं अमित शर्मा, जिन्होंने 2018 में बधाई हो जैसी सुपरहिट फिल्म दी है। फिल्म में अजय देवगन के साथ दिखेंगी प्रियमणि। फिल्म 15 अक्टूबर 2021 को थियेटर में रिलीज होने वाली है। हालांकि रिलीज डेट में बदलाव संभव है।

आरआरआर
बाहुबली निर्देशक एसएस राजामौली की अगली बिग बजट फिल्म RRR में रामचरण और जूनियर एनटीआर के साथ अजय देवगन और आलिया भट्ट फाइनल हैं। फिल्म की शूटिंग खत्म हो चुकी है, लेकिन रिलीज डेट की फाइनल घोषणा नहीं की गई है।

मे डे
अजय देवगन ने निर्देशन में बन रही फिल्म 'मे डे' की शूटिंग मुंबई में शुरू हो चुकी है। यह एक थ्रिलर ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें अजय देवगन, अमिताभ बच्चन और रकुल प्रीत सिंह मुख्य किरदारों में होंगे।

रूद्र - द एज ऑफ डार्कनेस
अजय देवगन, डिज़्नी हॉटस्टार की वेब सीरीज़ रूद्र - द एज ऑफ डार्कनेस के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रहे हैं। सीरिज में अजय देवगन के साथ ईशा देओल दिखेंगी।

गोबर!
अजय देवगन ने निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर से कॉमेडी- ड्रामा फिल्म 'गोबर!' के लिए हाथ मिलाया है। फिल्म का निर्देशन सबल शेखावत करेंगे। इसे 2021 के अंत तक शुरु किया जाएगा।फिलहाल फिल्म से बतौर एक्टर भी अजय देवगन जुड़ने वाले हैं या नहीं, इसका खुलासा नहीं किया गया है।

'नांधी' की हिंदी रीमेक
तेलुगु हिट फिल्म 'नांधी' के लिए अजय देवगन और दिल राजू ने बतौर निर्माता हाथ मिलाया है। नांधी एक क्राइम कोर्टरूम ड्रामा है, जो ना सिर्फ समीक्षकों द्वारा सराही गई थी, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी हिट रही थी। फिलहाल नांधी के हिंदी रीमेक के लिए निर्देशक और स्टारकास्ट फाइनल नहीं किया गया है।

कैथी रीमेक
यह सुपरहिट तमिल एक्शन फिल्म 'कैथी' की हिंदी रीमेक होगी। फिल्म को रिलांयस एंटरटेनमेंट और ड्रीम वॅारियर पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस करेंगे। फिलहाल इस फिल्म से जुड़ी कोई अपडेट नहीं है।

भारत- चीन तनाव पर फिल्म
लद्दाख के गलवान घाटी में हुए भारत- चीन तनाव पर अजय देवगन फिल्म बनाने वाले हैं। फिल्म को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, इसमें 20 भारतीय सेना के जवानों के बलिदान की कहानी सुनाई जाएगी, जिन्होंने चीनी सेना का मुकाबला किया था। फिलहाल फिल्म का नाम और कास्ट फाइनल नहीं किया गया है। फिल्म को अजय देवगन और सेलेक्ट मीडिया होल्डिंग्स एलएलपी प्रोड्यूस करेंगे।

गंगूबाई काठियावाड़ी
वहीं, आलिया भट्ट स्टारर संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में अजय देवगन कैमियो लेकिन अहम भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं।

चाणक्य
नीरज पांडे के निर्देशन में बन रही है फिल्म चाणक्य, जिसमें अजय देवगन फाइनल हैं। चाणक्य को रिलायंस इंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म राजनीति- सामाजिक मुद्दों के इर्द गिर्द घूमेगी और चाणक्य नीतियों को आज के समय के हिसाब से दिखाया जाएगा।

थैंक गॉड
'थैंक गॉड' एक हल्की फुल्की कॉमेडी फिल्म होगी। फिल्म में सिद्धार्थ एक पुलिस अफसर की भूमिका निभा रहे हैं। इंद्र कुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को भूषण कुमार और यश शाह प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं, सूत्रों की मानें तो फिल्म में अजय देवगन गॉड यानि की भगवान का किरदार निभा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
