अजय देवगन ने किया कंफर्म: ईद पर आएगी रनवे 34, टाईगर श्रॉफ - चिरंजीवी - राम चरण से होगा ट्रिपल क्लैश
अजय देवगन ने कंफर्म कर दिया है कि उनकी फिल्म रनवे 34 ईद पर ही रिलीज़ होगी। दरअसल, काफी दिनों े सुगबुगाहट थी कि अजय देवगन की ये फिल्म पोस्टपोन की जा सकती है। कारण ये था कि ईद 2022 पर जहां टाईगर श्रॉफ की हीरोपंती 2 रिलीज़ हो रही है वहीं राम चरण तेजा और चिरंजीवी की तेलुगू फिल्म आचार्य भी रिलीज़ हो रही है।
पिछले कुछ समय से जिस तरह से दक्षिण भारतीय फिल्मों का प्रदर्शन रहा है, आचार्य से भी अच्छे बॉक्स ऑफिस आंकड़ों की उम्मीद है। ऐसे में अजय देवगन की फिल्म को बड़ा झटका लग सकता था।

लेकिन अजय देवगन ने तय कर लिया है कि वो अपनी फिल्म की रिलीज़ डेट आगे पीछे नहीं करेंगे। ये फिल्म ईद 2022 पर ही रिलीज़ होगी। गौरतलब है कि इस फिल्म को ईद पर रिलीज़ करने से पहले अजय देवगन ने सलमान खान से भी बात की थी कि कहीं उनकी कोई फिल्म ईद पर तो नहीं आ रही। इसी के बाद अजय देवगन ने ये फैसला लिया।
तो ज़ाहिर सी बात है कि अब अजय देवगन की रनवे 34, टाईगर श्रॉफ और राम चरण - चिरंजीवी के साथ ट्रिपल क्लैश करेगी। यहां देखिए बॉलीवुड के कुछ ट्रिपल क्लैश के नतीजे।

बॉलीवुड के यादगार ट्रिपल क्लैश
रोटी Vs रोटी कपड़ा और मकान vs बेनाम
तीन सुपरस्टार आमने सामने थे - अमिताभ बच्चन, शशि कपूर और मनोज कुमार। दिलचस्प बात ये थी कि अमिताभ बच्चन की दो फिल्में आपस में भिड़ी थीं - रोटी कपड़ा और मकान और तीसरी फिल्म थी बेनाम।

विजेता - रोटी कपड़ा और मकान
मनोज कुमार और अमिताभ बच्चन की ये फिल्म उस साल की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्म थी। राजेश खन्ना की रोटी ने भी अच्छा बिज़नेस किया था वहीं अमिताभ बच्चन की बेनाम फ्लॉप हो गई थी। 1974 का ये सबसे बड़ा क्लैश था।

क्रिमिनल Vs हलचल Vs आतंक ही आतंक
मनीषा कोईराला और नागर्जुन की क्रिमिनल, डब की हुई फिल्म थी। और इसने ज़्यादातर कमाई साउथ में ही की थी। अजय देवगन की हलचल और आमिर खान की आतंक ही आंतक के बीच ही 1995 का ये मुकाबला था।

अजय देवगन की जीत
ज़ाहिर सी बात है जीतना तो अजय देवगन को ही था। क्रिमिनल और आंतक ही आंतक दोनों ने ही लगभग एक जैसी कमाई की थी। तो अब 27 सालों बाद क्या अजय देवगन इतिहास दोहराते हुए तीन फिल्मों के क्लैश में बॉक्स ऑफिस पर बाज़ी मार पाएंगे?

मेला Vs बुलंदी Vs शंकर शंभू
आमिर खान और ट्विंकल खन्ना की मेला का काफी प्रचार हुआ था वहीं दूसरी तरफ, अनिल कपूर की बुलंदी भी चर्चा में थी। शंकर शंभू, विनोद खन्ना का जाता हुआ समय था।

विजेता - आमिर खान
बुरी तरह फ्लॉप होने के बावजूद मेला ने बाकी दोनों फिल्मों से काफी ज़्यादा कमाई की थी। हालांकि बुलंदी भी 2000 की काफी पसंद की गई फिल्मों में से एक थी।

ब्लू Vs ऑल द बेस्ट Vs मैं और मिसेज़ खन्ना
2005 का सबसे बड़ा क्लैश था परदे पर संजय दत्त, अक्षय कुमार, अजय देवगन और सलमान खान का भिड़ना। दिलचस्प ये था कि संजय दत्त की दो फिल्में आपस में भिड़ी थीं - ब्लू और ऑल द बेस्ट।

विजेता - अक्षय कुमार
भले ही ब्लू फ्लॉप फिल्म थी लेकिन इसने कमाई, अजय देवगन की ऑल द बेस्ट से ज़्यादा की थी। हालांकि दर्शकों को पसंद भी ऑल द बेस्ट ही आई थी।

आप का सुरूर Vs अपने Vs आवारापन
2007 में बॉक्स ऑफिस पर तीन फिल्में भिड़ीं। इमरान हाशमी नए नए सुपरस्टार बने थे वहीं हिमेश रेशमिया का सुरूर सबके सिर चढ़कर बोल रहा था। लेकिन तीन देओल पहली बार एक साथ आ रहे थे।

विजेता - अपने
इस क्लैश के विजेता रहे देओल परिवार। फिल्म को बेहद पसंद किया गया और फिल्म में हिमेश रेशमिया के संगीत को भी काफी सराहा गया था।

जीतेंगे अजय देवगन?
ज़ाहिर तौर पर अजय देवगन इससे पहले दो और बार ट्रिपल क्लैश में फंस चुके हैं। एक बार उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर जीत हासिल की थी तो एक बार दर्शकों के दिल पर। अब देखना है कि क्या रनवे 34 के साथ अजय देवगन एक बार फिर से 27 सालों बाद ट्रिपल क्लैश जीतकर बॉक्स ऑफिस पर कब्ज़ा कर पाते हैं या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications











