Ajay Devgn ने बेटी नीसा के ट्रोल किये जाने को लेकर तोड़ी चुप्पी, छलका दर्द, बोले- आप इसे बदल नहीं सकते

Ajay Devgn on Nysa: सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर कई सेलेब्स अपना दुख जाहिर कर चुके हैं। सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि कई बार उनके बच्चों को भी सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और निगेटिविटी से गुजरना पड़ता है। अजय देवगन और काजोल की बेटी नीसा भी अक्सर ट्रोलर्स के निशाने पर रहती हैं। हाल ही में इस बारे में बात करते हुए अजय देवगन ने कहा कि वो इससे परेशान होते हैं।
अजय देवगन ने अपने बच्चों को लेकर सोशल मीडिया निगेटिविटी के बारे में बात की और बताया कि एक परिवार के रूप में वे इससे कैसे निपटते हैं। उन्होंने कहा, "आपको उन्हें लगातार समझाना होगा कि वे ऑनलाइन जो पढ़ते हैं, उससे उन्हें परेशान नहीं होना चाहिए। मुझे नहीं पता कि इस तरह की नकारात्मकता कैसे होती है। मैंने इसे नज़रअंदाज़ करना सीख लिया है और अपने बच्चों से भी ऐसा करने को कहा है। मुझे यह भी समझ नहीं आता कि कभी-कभी वे क्या लिखते हैं।"
बेटी नीसा और बेटे युग पर लगातार स्पॉटलाइट के बारे में बोलते हुए, अजय ने कहा, "यह मुझे बहुत परेशान करता है क्योंकि आप इसे बदल नहीं सकते। आप वास्तव में नहीं जानते कि क्या करना है। क्योंकि कई बार कुछ ऐसी बातें भी लिखी जाती हैं जो सच भी नहीं होतीं। लेकिन अगर आप प्रतिक्रिया करते हैं, तो बात और बढ़ जाती है। इसलिए यह एक पेचीदा स्थिति है।"
वहीं, नीसा और युग के बॉलीवुड में आने के सवाल पर, अजय ने कहा, "मेरे बेटे युग ने अब हमारी फिल्में देखना शुरू कर दिया है। मेरी बेटी नीसा हमारी फिल्में नहीं देखती। उसे देखने में कोई दिलचस्पी नहीं है, कम से कम अभी तो नहीं।"
बता दें, नीसा सिंगापुर में स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्विट्जरलैंड में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। अजय के मुताबिक, बेटी ने फिल्मों से जुड़ने को लेकर अभी कुछ तय नहीं किया है।


Click it and Unblock the Notifications