अजय देवगन की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'मैदान'- आखिरी शेड्यूल के शूटिंग की तैयारी, दोबारा बनाए जाएंगे सेट
अजय देवगन अपनी आगामी फिल्मों की शूटिंग में लगातार व्यस्त हैं। पिछले दिनों जहां उन्होंने 'थैंक गॉड' की शूटिंग खत्म की, वहीं अब 'मेडे' और 'मैदान' को खत्म करने में लगे हैं। अमित शर्मा के निर्देशन में बन रही स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म मैदान के आखिरी शेड्यूल की शूटिंग होनी है। बता दें, फिल्म 13 अक्टूबर को रिलीज होने के लिए शेड्यूल की गई है।
मैदान में अजय देवगन एक फुटबॉल कोच और मैनेजर की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग जोर शोर से चल रही थी, लेकिन पहले महामारी, फिर ताउते तूफान की वजह से फिल्म रोक दी गई। तूफान की वजह से फिल्म का पूरा सेट टूट गया था और निर्माताओं को लाखों का नुकसान सहना पड़ा था। वहीं, इस बीच निर्देशक अमित शर्मा भी कोरोना वायरस से ग्रसित हो गए थे।

खैर, तमाम बाधाओं को पार करते हुए मैदान की टीम एक बार फिर तैयार है। अक्टूबर मध्य से फिल्म के 25 दिनों का शेड्यूल शुरु किया जाएगा। जिससे पहले मुंबई में फिल्म का पूरा सेट फिर से तैयार किया जाएगा। मड आइलैंड में एक फुटबॉल स्टेडियम बनाया जाएगा, जहां फिल्म का क्लाईमैक्स और कुछ अहम सीन्स की शूटिंग होनी है।

फिल्माएगें कई अहम सीन
इस स्टेडियम में कई मैचों की शूटिंग की जाएगी, जिनमें से मुख्य तौर पर जकार्ता में 1962 के एशियाई खेलों का फाइनल मैच है जहां भारत ने स्वर्ण पदक जीता था। ऐसे महत्वपूर्ण दृश्यों के लिए टीम 25 सितंबर तक स्टेडियम के पुनर्निर्माण पर काम करना शुरू कर देगी और अक्टूबर के मध्य तक तैयार हो जाएगी।

फुटबॉल कोच सयैद अब्दुल रहीम
अमित शर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अजय देवगन प्रसिद्ध फुटबॉल कोच सयैद अब्दुल रहीम का किरदार निभा रहे हैं। फिलहाल फिल्म के आखिरी शेड्यूल की शूटिंग शुरु होने वाली है, जिसमें सभी फुटबॉल मैच के सीन फिल्माए जाएंगे।

बोनी कपूर ने की थी तारीफ
बोनी कपूर ने कहा, "फिल्म जिस तरह का आकार ले रही है, मैं बहुत खुश हूं। अमित शर्मा ने शानदार काम किया है। यह उनकी ही नहीं, बल्कि मुझे लगता है कि बॉलीवुड की बेहतरीन फिल्मों में शामिल होगी। यह एक ऐसी रियल घटना है, जिसके बारे में ज्यादा लोग जानते नहीं हैं।"

राष्ट्रीय पुरस्कार के हकदार हैं
वहीं, अजय देवगन के बारे में बात करते हुए निर्देशक ने दिल खोलकर तारीफ की और कहा, "अजय सर ने जो समर्पण का स्तर दिखाया है, वह लोगों को जरूर दिखेगा। उन्होंने ना केवल एक फुटबॉलर के तौर पर खुद को तैयार किया, बल्कि वह पूरी प्रोजेक्ट के दौरान लगातार जुड़े रहे। मैदान अजय सर के बिना नहीं बन सकती थी। मुझे लगता है कि वह एक और राष्ट्रीय पुरस्कार के हकदार हैं।"

रिलीज डेट
'मैदान' 15 अक्टूबर 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम में रिलीज़ होने वाली है।

फुटबॉल का स्वर्ण काल
फिल्म में भारतीय फुटबॉल का स्वर्ण काल (The Golden Era of Indian Football) दिखाया जाएगा। सैयद अब्दुल रहीम, भारत के सबसे बड़े फुटबॉल कोच में से एक माने जाते हैं, जिन्होंने 1952 से 1962 तक राज किया।
सैयद पेशे से टीचर थे। उनमें लोगों को प्रोत्साहित करने की खूबी थी। इसी का फायदा उन्हें मिला और 1943 में उन्हें हैदराबाद सिटी पुलिस की फुटबॅाल टीम के साथ बतौर कोच रखा गया। उनके आने के बाद हैदराबाद टीम ने कई बार कप जीता। कई बार फाइनल में भी पहुंची।


Click it and Unblock the Notifications