आतंकी बनेंगे अजय देवगन, तुषार कपूर
हॉलीवुड निर्माता जान डे बोंट की फिल्म 'स्पीड' से प्रेरित प्रियदर्शन की अगली फिल्म में अजय देवगन आतंकवादी की भूमिका में दिखेंगे। यही नहीं आतंकियों के दस्ते में समीरा रेड्डी और तुषार कपूर भी होंगे। स्पीड और इस फिल्म में अंतर इतना होगा कि उसमें बस में बम विस्फोट हुआ था और इसमें ट्रेन में होगा।
इस फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं हुआ है, लेकिन शूटिंग के लिए लंदन चुना गया है। फिल्म में अजय देवगन के साथ कंगना रणावत होंगी। दोनों के रोमांस के भी कई सीन होंगे। प्रियदर्शन इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। बैंगलोर मिरर को दिए गए साक्षात्कार में प्रियदर्शन ने बताया कि फिल्म में मनोज बाजपेयी भी होंगे। वो पॉजिटिव रोल अदा करेंगे।
प्रियदर्शन ने कहा, "मैने इससे पहले कभी अजय देवगन के साथ काम नहीं किया है, उम्मीद है इस बार मजा आएगा।" प्रियदर्शन ने उम्मीद जतायी है कि सितंबर तक यह फिल्म पर्दे पर जरूर आ जाएगी।
खास बात यह है कि अभी तक आपने अजय देवगन और तुषार कपूर की जोड़ी कॉमेडी फिल्म गोलमाल और गोलमाल रिटर्न्स में देखी थी। दोनों की ट्यूनिंग काफी बेहतरीन थी, उम्मीद है आतंकी की भूमिका में भी दोनों एक दम अलग दिखेंगे।


Click it and Unblock the Notifications











