अगले साल ऐश मचाएंगी धूम

साल 2009 में भले ही ऐश्वर्या राय बच्चन की कोई भी फिल्म न आई हो लेकिन उनके फैन्स अगले साल उन्हें एक नहीं बल्कि चार बड़ी फिल्मों में देख सकते हैं.
ऐश्वर्या की आने वाली फिल्मों में शामिल है निर्देशक मणि रत्नम की रावण. ये तीसरा मौक़ा है जब ये दोनों एक साथ काम कर रहे हैं. ऐश्वर्या ने अपने करियर की शुरुआत 1997 में मणि रत्नम की तमिल फिल्म इरुवर से की थी और फिर 2007 में आई हिन्दी फिल्म गुरु.
ऐश्वर्या कहती हैं कि मणि रत्नम के साथ काम करना हमेशा ही अच्छा लगता है. वो कहती हैं, "मणि रत्नम जैसे निर्देशक के साथ काम करना किसी भी अभिनेता के लिये सम्मान की बात है."
गुरु के बाद रावण में एक बार फिर एश्वर्या और अभिषेक बच्चन की जोड़ी साथ साथ नज़र आएगी. ये फ़िल्म हिंदी और तमिल भाषाओं में बन रही है. ऐश्वर्या कहती हैं कि उनके लिए ये एक अदभुत अनुभव था क्योंकि उन्होंने इससे पहले कभी भी एक साथ दो भाषाओं में काम नहीं किया है.
रावण के अलावा अगले साल ऐश्वर्या, एस शंकर की तमिल फिल्म ऐन्दीरन, विपुल शाह की एक्शन रीप्ले और संजय लीला भंसाली की गुज़ारिश में दिखेंगी. ऐश्वर्या कहती हैं कि वो ख़ुशनसीब हैं कि उन्होंने अपने करियर में कई प्रगतिशील निर्देशकों के साथ काम किया है.
इस साल सात नवम्बर को अमिताभ बच्चन हिंदी फिल्मों में चालीस साल पूरे कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने कई यादगार फ़िल्में की हैं. लेकिन अपने ससुर की अपनी पसंदीदा फिल्म चुनना ऐश्वर्या के लिए मुश्किल है.
ऐश्वर्या कहती हैं, "वो (अमिताभ बच्चन) एक महान अभिनेता हैं और अपने काम के प्रति बहुत समर्पित हैं. उनके साथ काम करना सम्मान की बात है. वो अब भी अपने रोल्स से दर्शकों को अचंभित करते हैं."
अमिताभ बच्चन की अभिनय प्रतिभा से ही नहीं बल्कि ऐश्वर्या उनके अपने ब्लॉग के प्रति रवैए से भी प्रभावित हैं. लेकिन वो ख़ुद अभी अपना ब्लॉग नहीं लिखना चाहती हैं.
ऐश्वर्या कहती हैं, "पा( अमिताभ बच्चन ) अपने ब्लॉग पर देर रात तक काम करते रहते हैं. लेकिन फ़िलहाल मैं अपने काम और निजी ज़िंदगी में काफी व्यस्त हूँ और इसलिए मैं कुछ और नया करने की स्थिति में नहीं हूं. लेकिन आगे क्या होगा उसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता."
हाल ही में ऐश्वर्या राय को क्लेफ़्ट लिप के लिए काम कर रही अंतरराष्ट्रीय चैरिटी संस्था स्माइल ट्रैन का पहला गुडविल अम्बैसेडर नियुक्त किया गया. स्माइल ट्रैन और ऐश्वर्या की ख़ुद की संस्था एश्वर्या राय फ़ाउन्डेशन साथ मिलकर क्लेफ़्ट लिप के बारे में जागरुकता फैलाने और साधन जुटाने का काम कर रहे हैं.


Click it and Unblock the Notifications