खत्म होने वाली है ऐश्वर्या राय की मैटरनिटी लीव
मुंबई। ऐश्वर्या राय बच्चन पिछले दो साल से मैटरनिटी लीव पर हैं, यानी बेटी आराध्या के होने के बाद से उन्होंने अब तक कोई फिल्म नहीं की है। अब उनकी यह मैटरनिटी लीव खत्म होने वाली है। वो जल्द ही पर्दे पर वापसी करने वाली हैं वो भी रोमांटिक फिल्म के साथ।
फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन हीरो जरूर तय हो चुका है। हीरो का नाम वरुण धवन है। जी हां वही वरुण, जिसे हाल ही में आपने स्टूडेंट ऑफ द ईयर में देखा था। वरुण डेविड धवन के बेटे हैं। वरुण की परफॉर्मेंस काफी अच्छी रही और अब वो ऐश्वर्या राय के साथ अपनी अगली फिल्म में आ रहे हैं। फिल्म के निर्देशक होंगे श्रीराम राघवन। उन्होंने फिल्म के सिलसिले में दोनों से बात की है और अपने प्रोजेक्ट के बारे में बताया। फिल्म के निर्माता रमेश तौराणी हैं।
खास बात यह है कि आने वाली यह फिल्म रोमांटिक थ्रिलर है, जाहिर है इसमें रोमांटिक सीन जरूर होंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि 25 साल के वरुण की जोड़ी 39 वर्षीय ऐश्वर्या के साथ कैसी दिखेगी। आराध्या के पैदा होने के पहले ऐश्वर्या राय ने संजय लीला भंसाली की फिल्म गुजारिश में काम किया था। उसमें उनके साथ रितिक रौशन थे।


Click it and Unblock the Notifications
