कैटरीना बनीं लॉरियल पेरिस का चेहरा, ऐश ने बोला ऑल द बेस्ट..
कहते हैं ना जब सितारे बुलंदी पर हों तो.. कामयाबी कदम चूमती है.. यह बात अभिनेत्री कैटरीना कैफ पर पूरी तरह से फिट होती है। कैजाद गुस्ताद की महाफ्लाप फिल्म 'बूम' से फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाली कैटरीना कैफ ने शायद खुद नहीं सोचा होगा कि वह हिंदी फिल्मी दुनिया में इतनी लंबी पारी खेलेंगी और नंबर वन के सिंहासन पर कब्जा करने वालों में से एक होंगी।
पिछले साल कैटरीना की साल के अंत में एकमात्र फिल्म 'धूम 3' रिलीज हुई और साल की सबसे बड़ी हिट बन गयी। बॉलीवुड की सबसे सेक्सी और महंगी अभिनेत्रियों में से एक कैटरीना कैफ को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। उन्हें लॉरियल पेरिस की नई मॉडल के तौर पर चुना गया है। जिस पर खुशी जताते हुए कैटरीना ने कहा कि यह उनके लिए बेहद सम्मानजनक बात है कि वह लॉरियल पेरिस की भारतीय श्रृंखला की चौथी हस्ती हैं।
इन दिनों रणबीर कपूर के साथ अपने अफेयर को लेकर चर्चा में रहने वाली सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड कैटरीना कैफ ने कहा कि मैं हमेशा से इस ब्रांड की प्रशंसक रही हूं। मुझे उनका संदेश 'बिकॉज यू आर वर्थ इट' बेहद खूबसूरत और सशक्त लगता है। इस ब्रांड की खूबसूरत प्रतिनिधि महिलाएं दुनिया भर की प्रेरणा रही हैं।"
मालूम हो कि लॉरियल पेरिस की ब्रांड एंबेसडर इससे पहले ऐश्वर्या राय, फ्रीडा पिंटो और सोनम कपूर रह चुकी हैं।ऐश्वर्या तो पिछले 12 साल से इस ब्रांड को देसी और विदेशी स्तर पर पेश करती आयी हैं। कैटरीना के लिए ऐश ने कहा "मैं लॉरियल पेरिस परिवार में कैटरीना का गर्मजोशी से स्वागत करती हूं। मुझे यकीन है कि लॉरियल पेरिस की ब्रांड अम्बेसडर के रूप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए खुशी महसूस करेंगी। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।"
आमतौर पर ऐश और कैट एक-दूसरे पर कभी टिप्पणी नहीं करती हैं शायद इसकी वजह सलमान खान हों क्योंकि एक समय में दोनों ही नायिकाएं सलमान संग डेटिंग कर चुकी हैं। दोनों ही नायिकाएं बला की खूबूसरत भी हैं इसलिए ना चाहते हुए भी दोनों की तुलना होने लग जाती है। लेकिन इस बार ऐश ने कैट को शुभकामनाएं बोलकर हर किसी को हैरान कर दिया है।


Click it and Unblock the Notifications