ना सलमान खान-ना विवेक ओबेरॉय, ऐश्वर्या राय के कारण के जब इस स्टार को उस रात आए 5 हजार कॉल्स

Aishwarya Rai Five Thousand Calls: मिस वर्ल्ड रह चुकी अभिनेत्री ऐश्वर्या राय असल मायनों में ब्यूटी विद ब्रेन हैं ये तो वो कई बार प्रूफ कर चुकी हैं। आज हम आपको उनके खूबसूरती को लेकर दीवानगी से जुड़ा किस्सा बताने जा रहे हैं। 1990 का दशक ऐसे कई यादगार विज्ञापनों से भरा हुआ था, जो आज भी लोगों के ज़ेहन में ताज़ा हैं। उन विज्ञापनों के जिंगल्स अब भी हमारी ज़ुबान पर हैं। इन्हीं में से एक था पेप्सी का मशहूर ऐड, जिसमें आमिर ख़ान और ऐश्वर्या राय बच्चन नज़र आए थे।
उस समय न तो आमिर बहुत बड़े सितारे थे और न ही ऐश्वर्या ने फिल्मों में कदम रखा था। ऐश्वर्या तब कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं। एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में एड डायरेक्टर प्रह्लाद कक्कड़ ने 1993 के उस पेप्सी ऐड से जुड़ी दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि जब ऐश्वर्या ने उस विज्ञापन में काम किया, तो उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। प्रह्लाद ने माना कि इस विज्ञापन ने एक नॉर्मल कॉलेज स्टूडेंट को एक नई पहचान दिलाई।
प्रह्लाद ने कहा, "उस ऐड की कास्टिंग में हमें लगभग तीन महीने लग गए। हमें ऐसे चेहरे चाहिए थे जो कहानी से मेल खाएं। ऐश्वर्या तब बिल्कुल नई थीं। हमें एक ऐसी लड़की चाहिए थी जो सिर्फ कुछ सेकंड के लिए दिखाई दे लेकिन दर्शकों को बांध ले। हम चाहते थे कि लोग उसे देखकर पूछें - 'यह लड़की कौन है?' और वही हुआ।"
उन्होंने आगे बताया, "जिस दिन विज्ञापन रिलीज़ हुआ, अगले ही दिन मेरे पास करीब पाँच हज़ार फोन कॉल आए। सबका एक ही सवाल था - 'संजू कौन है?' (विज्ञापन में ऐश्वर्या का नाम संजू था)। लोग जानना चाहते थे कि वह लड़की कहां से आई है।"
प्रह्लाद ने बताया कि ऐश्वर्या की आंखों ने उन्हें सबसे ज़्यादा प्रभावित किया। उन्होंने कहा, "मैं कई चेहरों को देख चुका था, लेकिन किसी में वो बात नहीं थी। मैं किसी ऐसे चेहरे की तलाश में था जो सिर्फ कुछ सेकंड में सबका ध्यान खींच ले। फिर मैंने उसे देखा - कॉलेज में, कंधे पर झोला टांगे, फटी जींस और बिखरे बालों के साथ। उसकी आंखों में कुछ ऐसा था कि मैं तुरंत समझ गया, यही हमारी 'संजू' है।"


Click it and Unblock the Notifications



