ऐश्वर्या के कमबैक जज्बा में अनुपम निभाएंगे अहम किरदार
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन ने सालों पहले ही फिल्मों से खुद को अलग कर लिया और अपना वक्त अपने परिवार को देने का फैसला किया। आराध्या के जन्म के बाद से ही लोग उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी पसंदीदा अदाकारा दोबारा से फिल्मों में अपनी वापसी करें। आखिरकार ऐश्वर्या के कमबैक की खबर पर ऐश्वर्या की हामी की मुहर लग ही गयी। ऐश्वर्या राय बच्चन संजय गुप्ता की अगली फिल्म जज्बा में मुख्य भूमिका निभा रही हैं।

ऐश्वर्या राय के साथ अनुपम खेर जिनके साथ ऐश्वर्या राय ने फिल्म दि मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेस में काम किया था, भी फिल्म में अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म में अनुपम खेर व ऐश्वर्या राय बच्चन के अलावा इरफान खान व जॉन अब्राहम भी नज़र आएंगे। इसके अलावा एक और एक्ट्रेस को फिल्म के अहम किरदार के लिए कास्ट करना अभी बाकी है।
अनुपम के किरदार को लेकर संजय गुप्ता ने कहा- "ये किरदार सिर्फ अनुपम ही निभा सकते थे। मैंने 19 साल पहले अुपम जी के साथ अपनी दूसरी फिल्म राम शास्त्र में काम किया था। उसके बाद अब हमें साथ काम करने का अवसर मिला है।" संजय ने बताया जज्बा एक विदेशी फिल्म का रीमेक है, लेकिन उन्होंने फिल्म का नाम नहीं बताया। हालांकि जज्बा की जो कहानी है उसे जानने के बाद ये अंदाजा है कि जज्बा साउथ कोरियन फिल्म सेवेन डेज का रीमेक है।
सेवेन डेज की कहानी चार किरदारों के इर्द गिर्द घूमती है। फिल्म की एक्ट्रेस युनजिन किम ने फिल्म में एक वकील का किरदार निभाया है और जज्बा में ऐश्वर्या राय ने भी वकील का ही किरदार निभाया है।


Click it and Unblock the Notifications











