AIB रोस्ट देख करन-अर्जुन पर भड़क गये आमिर!
करन जौहर, अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह के शो एआईबी रोस्ट को दर्शकों की तरफ से काफी बेरुखी का शिकार होना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के दिग्गज भी इस शो के खिलाफ लगातार अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं। हाल ही में बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने भी एआईबी रोस्ट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने ये शो नहीं देखा क्योंकि वो इसकी छोटी सी झलक देखकर ही परेशान हो गये।
आमिर खान ने कहा "मैंने इस शो की झलक देखी और मैं बहुत परेशान हो गया। पूरा शो मैंने देखा ही नहीं, देखता तो और परेशान हो जाता। मैं करन और अर्जुन कपूर से मिला भी और उन्हें कहा कि मुझे इसमें कुछ मजेदार नहीं लगा। अगर आप क्रिएटिव हैं तो मुझे बिना किसी को चोट पहुंचाए और गाली दिये हंसाकर दिखाएं। इस शो में पूरा वक्त ये दिखाया गया कि वो कितने हिंसक हैं। ये पूरा शो काफी हिंसात्मक था। हिंसा सिर्फ लोगों को शारीरिक रुप से ही नहीं पहुंचाई जाती बल्कि मानसिक और शब्दों द्वारा भी हिंसा की जाती है।"
आमिर खान ने आगे कहा कि :इस शो को लेकर जो भी कानूनी कारवाई की जा रही है तो मैं यही कहना चाहूंगा कि अगर उन्होंने कोई कानून तोड़ा है तो उन्हें सजा जरुर मिलेगी। लेकिन अगर नहीं तोड़ा है तो जिन भी लोगों को ये शो नहीं पसंद आया वो कड़े शब्दों में इन लोगों तक अपनी बात पहुंचा दें कि उन्हें कितना बुरा लगा है। बाकी उनके ऊपर है।"
आमिर ने अपनी बात का अंत इस तरह किया "हमने भी दिल्ली बेली जैसी फिल्म बनाई थी और उसमें भी हमने अश्लील शब्दों का प्रयोग किया था लेकिन अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए हमने दर्शकों को ये बताया कि हमारी फिल्म में इस तरह के शब्द हैं अगर आप इन्हें नहीं देख सकते या सुन सकते तो आप इस फिल्म को ना देखें। मैं बोलने की स्वतंत्रता का पूरा आदर करता हूं लेकिन इसके साथ ही हमें बतौर नागरिक अपनी जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखना चाहिए।"


Click it and Unblock the Notifications
