Ahmedabad Plane Crash में हुआ चमत्कार, बच निकला एक युवक, खुद सुनाई दिल दहला देने वाली आपबीती

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार, 12 जून 2025 को एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, जो लंदन के लिए रवाना हुई थी, टेक-ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद क्रैश हो गई। लेकिन इस दुखद घटना के बीच एक खबर ने सबको चौंका दिया, इस भीषण हादसे में एक यात्री चमत्कारी रूप से बच निकला।
एक यात्री बच निकला
बचने वाले शख्स का नाम है विश्वास कुमार रमेश, उम्र 38 साल। जब प्लेन ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी, तो विश्वास सीट नंबर 11A पर बैठे थे। टेक-ऑफ के सिर्फ 30 सेकंड बाद ही एक जोरदार आवाज आई और विमान हादसे का शिकार हो गया। लेकिन विश्वास किसी तरह मलबे से खुद बाहर निकलने में सफल रहे।
वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे हादसे के बाद घायल अवस्था में सड़क पर चलते नजर आ रहे हैं और अपनी आपबीती सुना रहे हैं। उन्होंने बताया, "जैसे ही प्लेन ने उड़ान भरी, लगभग 30 सेकंड बाद जोर की आवाज आई और अचानक सब कुछ हिल गया। कुछ समझ नहीं आया और प्लेन नीचे गिर गया। सब कुछ, बस कुछ ही पलों में हुआ।"
इस हादसे में विश्वास के सीने, आंखों और पैरों में चोटें आई हैं। फिलहाल उन्हें आसारवा सिविल अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की और बताया कि कैसे उन्होंने अपनी जान बचाई।
हादसे की चल रही जांच
वहीं, हादसे की जांच भी शुरू हो गई है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विमान को पक्षी से टक्कर लगने की वजह से हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।


Click it and Unblock the Notifications