'जुग जुग जियो': वरुण धवन और नीतू कपूर के बाद, अब मनीष पॉल भी हुए कोरोना पॉजिटिव- मुंबई लौटे एक्टर
कुछ ही दिनों पहले वरुण धवन, नीतू कपूर और निर्देशक राज मेहता के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आई थी। वहीं, अब रिपोर्ट्स हैं कि एक्टर मनीष पॉल भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। बता दें, ये सभी सितारे फिल्म 'जुग जुग जियो' की शूटिंग कर रहे थे। इस फिल्म की शूटिंग चंडीगढ़ में चल रही थी। बहरहाल, ये तीनों सितारे मुंबई वापस आ चुके हैं और आइसोलेशन में हैं।
'जुग जुग जियो' की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है। फिल्म के बाकी सितारे भी वापस मुंबई आ चुके हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक हल्क बुखार होने के बाद मनीष मुंबई लौट आए थे। यहां आकर उन्होंने अपना कोविड 19 का टेस्ट करवाया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

पहले फिल्म के बाकी दो कलाकार अनिल कपूर और कियारा आडवाणी से जुड़ी खबरें आ रही थीं। लेकिन अनिल कपूर ने ख़ुद ट्वीट करके इस बात की पुष्टि कर दी है कि उन्हें कोरोना नहीं है। उन्होंने लिखा था- "सारी अफ़वाहों को विराम देने के लिए, मेरा कोविड-19 टेस्ट नेगेटिव आया है। आप सबकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया.." वहीं, कियारा की रिपोर्ट भी निगेटिव है।
खास बात है कि फिल्म की शूटिंग पर जाने से पहले ही पूरी टीम ने कोरोना टेस्ट करवाया था। यहां तक की नीतू कपूर ने एक वीडियो भी शेयर किया था, जहां वो टेस्ट करवाती नजर आ रही थीं। लेकिन चंद दिनों बाद ही वह इसकी चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले फिल्म के लिए एक कीर्तन का सीन शूट किया गया था, जिसमें भीड़ की ज़रूरत थी। शायद उसी दौरान फिल्म के कलाकार और राज मेहता को कोविड-19 का संक्रमण हुआ।


Click it and Unblock the Notifications












