हिरानी बना सकते हैं एनीमेशन फिल्म
हाल ही में प्रदर्शित फिल्म '3 इडियट्स' सहित लगातार तीन सफल फिल्में दे चुके निर्देशक राजकुमार हिरानी कहते हैं कि अब वह फंतासी या एनीमेशन फिल्मों का रुख कर सकते हैं। हिरानी ने एक साक्षात्कार में कहा, "मैं एनीमेशन और फंतासी शैली की फिल्मों को पसंद करता हूं। वास्तव में मैं खुद इस तरह की फिल्म बनाना चाहता हूं। मुझे बायोग्राफिक्स में भी रुचि है इसलिए में इस तरह का कोई भी विषय चुन सकता हूं।"
'मुन्नाभाई एम. बी. बी. एस.' और 'लगे रहो मुन्नाभाई' फिल्में बना चुके हिरानी अपनी भावी फिल्म परियोजनाओं में भी सब कुछ साधारण रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्म '3 इडियट्स' में कुछ जटिल और भावनात्मक दृश्य होने के बावजूद उसमें सब कुछ सहज दिखता है।
उन्होंने कहा कि सिनेमा के जरिए वह एक नई दुनिया खोजना चाहते हैं लेकिन इसके लिए वह एक्शन या डरावनी फिल्मों का सहारा नहीं लेंगे। हिरानी ने कहा, "मुझे एक्शन फिल्मों का निर्देशन करने में मजा नहीं आता। डरावनी फिल्मों के साथ भी ऐसा ही है। केवल अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मैं ऐसा कुछ नहीं करना चाहता जिसमें खुद मेरी ही रुचि नहीं है।"
हिरानी की आमिर खान अभिनीत फिल्म '3 इडियट्स' ने अपने प्रदर्शन के पहले चार दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का व्यवसाय कर रिकॉर्ड कायम किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











