शेरशाह के बाद फिर से साथ आ रहे हैं सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी, साईन कर ली है करण जौहर की अगली फिल्म
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी, इस साल के हर बड़े अवार्ड फंक्शन का पहला नाम है। दोनों ने पिछले साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक शेरशाह से दर्शकों का दिल जीता था और इस फिल्म की वजह से ये दोनों सितारे हर अवार्ड फंक्शन में बेस्ट एक्टर की कैटेगरी में नॉमिनेट किए गए हैं। दर्शकों ने भी इनकी जोड़ी को खूब पसंद किया।
Recommended Video
अब इस जोड़ी ने करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ फिर से एक फिल्म साईन कर ली है। ये फिल्म डायरेक्ट करेंगे शशांक खेतान। शशांक, टाईगर श्रॉफ और रश्मिका मंदाना स्टारर स्क्रू ढीला डायरेक्ट करने वाले थे लेकिन वो फिल्म पोस्टपोन हो चुकी है और अब शशांक सिद्धार्थ और कियारा के साथ एक रॉम कॉम पर काम करने जा रहे हैं।

हाल ही में कॉफी विद करण के एपिसोड पर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने और कियारा आडवाणी के रिश्ते के बारे में ना चाहते हुए भी खुलकर बात की है। सिद्धार्थ ने कहा कि वो काफी लकी हैं कियारा सिंगल है। हालांकि, करण जौहर ने इनकी शादी से लेकर बच्चों तक की भविष्यवाणी कर दी है। अब फैन्स एक बार फिर से इन्हें परदे पर एक साथ देख पाएंगे।

फिल्म ने बना दी जोड़ी
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने 2021 में वॉर फिल्म बायोपिक शेरशाह में अपनी केमिस्ट्री से फैन्स का दिल जीता। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा जहां कारगिल हीरो, परमवीर चक्र सम्मानित शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की भूमिका में थे वहीं कियारा आडवाणी उनकी प्रेमिका डिंपल के किरदार में दिखाई दी थीं। अपनी केमिस्ट्री से दोनों ने फिल्म में चार चांद लगा दिए थे।

तीन साल से कर रहे डेट
सिद्धार्थ और कियारा एक दूसरे को लगभग तीन सालों से डेट कर रहे हैं। उनकी डेटिंग की खबर को सबसे पहले कंफर्म किया था अक्षय कुमार ने अपनी और कियारा की फिल्म लक्ष्मी, प्रमोट करते हुए। इस दौरान, अक्षय कुमार ने एक इंटरव्यू में चुटकी लेते हुए कियारा आडवाणी को सिद्धांतों वाली लड़की बताया था जिसे सुनकर कियारा झेंप गई थीं।

शादी की खबरों पर जवाब
सिद्धार्थ मल्होत्रा से जब शादी के बारे में पूछा गया था तो उनका कहना था कि फिलहाल इस फिल्म के लिए उनके पास स्क्रिप्ट और कास्ट तैयार नहीं है लेकिन जब होगी तो वो ज़रूर इसका एलान करेंगे। लेकिन शेरशाह की रिलीज़ के बाद सिद्धार्थ और कियारा अक्सर साथ ही देखे गए। वहीं रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों एक दूसरे को अपने परिवार से भी मिलवा चुके थे। दोनों अक्सर ही एक दूसरे की बिल्डिंग के बाहर भी देखे जाते हैं।

काम में व्यस्त कियारा
अगर काम की बात करें कियारा आडवाणी की फिल्में लाईन से रिलीज़ होने को तैयार हैं। कियारा इस वक्त केवल बड़े बैनर की फिल्मों का हिस्सा हैं जिनमें धर्मा प्रोडक्शन्स प्रमुख है। धर्मा प्रोडक्शन्स की जुग जुग जीयो के बाद वो गोविंदा मेरा नाम में नज़र आएंगी। इसके अलावा उनका डेट्स कैलेंडर फिलहाल फुल है। जल्दी ही वो कार्तिक आर्यन के साथ सत्यप्रेम की कथा की शूटिंग शुरू करने जा रही हैं। इसके अलावा कुछ फिल्मों से उनका नाम जुड़ा हुआ है जिन पर कोई अपडेट नहीं है। इनमें आशुतोष गोवारिकर की कुर्रम कुर्रम शामिल है। कियारा का नाम रणवीर सिंह के साथ साउथ डायरेक्टर, शंकर की एक फिल्म के लिए भी तय माना जा रहा है।

रोहित शेट्टी के कॉप सिद्धार्थ मल्होत्रा
सिद्धार्थ मल्होत्रा को शेरशाह की सफलता ने रातों रात फिर से सफलता की सीढ़ी पर चढ़ने का मौका दे दिया है। जहां एक तरफ वो अपनी अगली फिल्म मिशन मजनू और अजय देवगन के साथ थैंक गॉड की शूटिंग शुरू कर चुके हैं वहीं वो धर्मा प्रोडक्शन्स की पहली एरियल एक्शन सीरीज़ योद्धा में शाहिद कपूर को रिप्लेस कर चुके हैं। इसके अलावा, लव रंजन सिद्धार्थ मल्होत्रा को सौरव गांगुली बायोपिक के लिए अप्रोच करने का प्लान बना रहे हैं। रोहित शेट्टी की कॉप वेब सीरीज़ में भी सिद्धार्थ मल्होत्रा की एंट्री हो चुकी है और इसकी शूटिंग भी शुरू हो चुकी है।

आई थी ब्रेकअप की खबरें
कुछ ही समय पहले सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी के ब्रेकअप की खबरें ज़ोरों पर थीं। इंटरटेनमेंट टाईम्स की एक रिपोर्ट का दावा था कि सिद्धार्थ मल्होत्रा केवल मीडिया के साथ लुका छिपी खेल रहे हैं और उनका ब्रेकअप हो चुका है। इस ब्रेकअप का कारण है कि सिद्धार्थ और कियारा अब एक दूसरे के लिए पहले जैसा कुछ महसूस नहीं करते हैं और शायद उनके बीच का प्यार अब खत्म हो चुका है।

ब्याह का इंतज़ार
हालांकि अब कॉफी विद करण में शाहिद कपूर ने ये हिंट दे ही दिया है कि इस साल के अंत तक सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी शादी के बंधन में बंध सकते हैं। वहीं सिद्धार्थ और कियारा ने भी ना ना करते हुए अपने रिश्ते को मंज़ूरी दे दी है। बस एक आधिकारिक घोषणा का इंतज़ार है। देखना ये है कि अब शशांक खेतान की ये फिल्म ये कपल शादी के बाद पूरी करता है या फिर पहले।


Click it and Unblock the Notifications











