Satish Kaushik Death : मरने के बाद सतीश कौशिक की ये फिल्में होंगी रिलीज, शूटिंग हो चुकी है पूरी

कहा जाता है लाइफ बिल्कुल unpredictable होती है। एक दिन पहले ही होली की मस्ती और अपने गहरे दोस्तों के साथ होली पर रंग खेलने की फोटो को शेयर करने वाले सतीश कौशिक ने अगले ही दिन दुनिया को अलविदा कह दिया। सतीश कौशिक का मुस्कुराता चेहरा आज भी हर किसी के जेहन में है। अपने मजेदार किरदारों और दमदार एक्टिंग की बदौलत सतीश कौशिक ने हर वर्ग के दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना ली थी। सतीश लगातार फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहने वाले एक्टर थे। वह अभी भी फिल्मों में लगातार काम कर रहे थे। मरने से पहले सतीश 3 फिल्मों में काम कर रहे थे, जिनमें से उनकी 2 फिल्मों की शूटिंग पूरी हो चुकी है और दोनों फिल्में पोस्ट प्रोडक्शन स्टेज में है। इसी साल दोनों फिल्में रिलीज होने वाली थी लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। सतीश कौशिक की अचानक मौत ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को सकते में डाल दिया है।

इमरजेंसी :
सतीश कौशिक अपनी जिन फिल्मों की रिलीज नहीं देख सकें उनमें कंगना रनौत की ड्रीम प्रोजेक्ट 'इमरजेंसी' का नाम सबसे ऊपर आता है। इस फिल्म में सतीश कौशिक बाबु जगजीवन राम का किरदार निभा रहे थे। कंगना ने फिल्म से सतीश कौशिक का फर्स्ट लुक भी जारी किया था। फिल्म के इस पोस्टर में वह खाकी टोपी, जैकेट और चेहरे पर काला चश्मा लगाए नजर आ रहे हैं। इस फोटो में सतीश कौशिक बिल्कुल राजनेता और स्वतंत्रता सेनानी जगजीवन राम की तरह दिख रहे हैं। फिल्म का यह पोस्टर रिलीज करते हुए कंगना ने लिखा था, 'लास्ट है, लेकिन बेहतरीन है। आप सबके सामने टैलेंट का खजाना सतीश कौशिक का लुक पेश कर रही हूं।' वहीं सतीश कौशिक की मौत की खबर सामने आने के बाद कंगना ने अपना शोक व्यक्त करते हुए पोस्ट किया है, 'वह मेरे सबसे बड़े चीयरलिडर थे। मुझे उन्हें इमरजेंसी में डायरेक्ट करने का मौका मिला। आप बहुत याद आएंगे सतीश जी।'

पटना शुक्ला :
अरबाज खान के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बन रही फिल्म 'पटना शुक्ला' भी रिलीज होनी अभी बाकी है। इस फिल्म में सतीश कौशिक और रवीना टंडन मुख्य किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन विवेक बुड़ाकोटी कर रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है और यह पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है। महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे पर आधारित इस फिल्म में मानव विज, चंदन रॉय सान्याल, अनुष्का कौशिक, जतिन गोस्वामी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद अरबाज खान के घर प्री-न्यू ईयर कम कास्ट मिलन पार्टी दी थी जिसकी फोटो उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से शेयर की थी। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने अपने शुभचिंतकों को नये साल की बधाई भी दी थी। इस पोस्ट में वह फिल्म के कास्ट के साथ-साथ अरबाज खान, सोहेल खान और सलमान खान के साथ पोज करते भी नजर आ रहे थे।

कागज 2 :
पंकज त्रिपाठी स्टारर फिल्म 'कागज' के सीक्वल 'कागज 2' में सतीश कौशिक अपने जिगरी दोस्त अनुपम खेर के साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म की शूटिंग लखनऊ में हुई है। फिल्म 'कागज 2' में मनोरंजक तरीके से एक सामाजिक मुद्दे को डिस्कस किया गया है। फिल्म में सतीश जल विभाग में कार्यरत एक क्लर्क सुशील रस्तोगी का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में बाप-बेटे की महत्वपूर्ण कहानी दिखायी गयी है। 'कागज 2' भी इस साल रिलीज होने वाली है। फिल्म में अनुपम खेर के अलावा दर्शन कुमार भी नजर आएंगे जो फिल्म 'द कश्मीर फाईल्स' का अहम हिस्सा रह चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications











