क्या प्रियंका चोपड़ा की जगह लेना चाहती हैं कंगना!
कंगना रनौत बॉलीवुड में अपने पांव धीरे- धीरे लेकिन काफी मजबूती के साथ जमाती नजर आ रही हैं। पिछले साल फिल्म 'क्वीन' से दर्शकों के दिल में स्पेशल जगह बनाने वाली कंगना अब बॉयोपिक में नजर आने वाली हैं। जी हां, निर्देशक हंसल मेहता ने पुष्टि कर दी है कि वे कंगना के साथ एक बॉयोपिक पर काम कर रहे हैं, लेकिन साथ ही डाइरेक्टर ने कहा कि, फिल्म पर्वतारोही बछेंद्री पाल पर आधारित नहीं है।

आपको बता दें, कुछ दिनों पहले इस बात ने हवा पकड़ी थी कि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक हंसल मेहता पर्वतारोही बछेंद्री पाल की जीवनी पर आधारित फिल्म बना रहे हैं। लिहाजा, मेहता ने अपनी नई फिल्म के बारे में खुलासा करते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘खबरें आ रही हैं कि कंगना को लेकर मैं एक जीवनी पर फिल्म बना रहा हूं। खबर कुछ बहुत सच भी है, मैं कंगना के साथ फिल्म बना रहा हूं। लेकिन फिल्म बछेंद्री पाल के बारे में नहीं है। मैं जल्द ही सारी बातें साझा करूंगा।'
गौरतलब है कि, साल 2014 में जहां कंगना की क्वीन हिट साबित हुई थी, वहीं जब एवार्ड्स की बारी आई तो सारे एवार्ड गए मैरी कॉम प्रियंका चोपड़ा के खाते में। फिल्म 'मैरी कॉम' में प्रियंका के अभिनय की काफी तारीफ की गई थी। लिहाजा, अब लगता है कंगना ने भी बॉयोपिक के जरीए अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने की ठान ली है। हां भई.. नंबर वन की रेस में शामिल हैं तो हर तरह की फिल्मों में हाथ आजमाना ही पड़ेगा। बहरहाल, इस फिल्म के लिए ऑल दि बेस्ट कंगना।
वहीं, हंसल मेहता की बात करें तो, इन्होंने साल 1997 में ‘जयते' के साथ फिल्म निर्देशन की शुरुआत की थी। साल 2000 में उनकी फिल्म ‘दिल पे मत ले यार' आई थी और पिछले साल मई में उनकी फिल्म ‘सिटीलाइट्स' प्रदर्शित हुई थी। सिटीलाइट्स के लिए हंसल मेहता को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया था।


Click it and Unblock the Notifications