ब्लॉकबस्टर पठान के बाद, शाहरुख खान ने शुरु की 'डंकी' के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग, पुणे से वीडियो वायरल!

Shahrukh Khan started shooting for Dunki: साल 2023 को यदि शाहरुख खान का साल कहा जाए, तो गलत नहीं होगा। पठान की बेमिसाल सफलता के बाद, सुपरस्टार अब अपनी अगली फिल्मों में जुट चुके हैं, जो इसी साल रिलीज होने वाली है। जी हां, शाहरुख खान ने 'जवान' और 'डंकी' की शूटिंग शुरू कर दी है।
पिछले हफ्ते सुपरस्टार ने मुंबई फिल्म सिटी में 'जवान' की शूटिंग की और अब वो पुणे में राजकुमार हिरानी की 'डंकी' के दूसरे शेड्यूल की शुरुआत करेंगे। बीते दिन एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता दिखा, जहां शाहरुख पुणे में दिख रहे हैं। यह वीडियो उनके एक फैन क्लब के द्वारा शेयर किया गया है।
क्रिसमस के मौके पर आएगी फिल्म
राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'डंकी' दिसंबर 2023 में क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी। इस फिल्म में शाहरुख के साथ विक्की कौशल और तापसी पन्नू भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। इस फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग पंजाब और सऊदी अरब में हो चुकी है।
'डंकी' को राजकुमार हिरानी, अभिजात जोशी और कनिका ढिल्लों द्वारा लिखा गया है, जिसका निर्माण राजकुमार हिरानी और गौरी खान कर रहे हैं। ये फिल्म कई मायनों में खास मानी जा रही है।
ब्लॉकबस्टर फिल्मों का रिकॉर्ड
पहली बात तो ये कि राजकुमार हिरानी के करियर की हर फिल्म आज तक ब्लॉकबस्टर रही है। मुन्नाभाई एमबीबीएस, लगे रहो मुन्नाभाई, पीके, 3 इडियट्स, संजू जैसी फिल्मों के साथ उन्होंने सफलता के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। ऐसे में फैंस को शाहरुख के साथ उनकी अगली ब्लॉकबस्टर का बेसब्री से इंतजार है।
दो फिल्में पहले की थी ऑफर
वहीं, दूसरी बात ये है कि शाहरुख और राजकुमार हिरानी लंबे समय से साथ काम करना चाह रहे थे.. लेकिन बात नहीं बन पाई। राजकुमार हिरानी ने मुन्नाभाई एमबीबीएस और 3 इडियट्स के लिए शाहरुख को अप्रोच किया था.. लेकिन डेट्स की वजह से शाहरुख को इंकार करना पड़ा। अब आखिरकार सालों बाद, दोनों साथ आए हैं।


Click it and Unblock the Notifications