पठान के बाद, अब पैन इंडिया रिलीज होने वाली है शाहरुख खान की ये फिल्म, वैलेंटाइन डे पर खास

Dilwale Dulhania Le Jayenge Re-Release: सिनेमाघरों में एक ओर जहां एक्शन अवतार में शाहरुख खान का जलवा जारी है, वहीं अब फैंस को उनकी सबसे चर्चित और ब्लॉकबस्टर रोमांटिक फिल्म की झलक भी बड़े पर्दे पर मिलने वाली है। जी हां, इस वैलेंटाइन डे पर पूरे भारत में शाहरुख -काजोल की दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिर से रिलीज होने वाली है। यशराज फिल्म्स ने बयान जारी करते हुए बताया कि इस फिल्म को 37 से ज्यादा शहरों में लाया जा रहा है।
1995 में आई यशराज फिल्म्स के बैनर तले आदित्य चोपड़ा की डेब्यू फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' को रिलीज हुए 28 साल पूरे हो चुके हैं। लेकिन कोई शक नहीं कि फिल्म का क्रेज आज भी फैंस के सिर चढ़कर बोलता है।
10 फरवरी से DDLJ मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, गुड़गांव, फरीदाबाद, लखनऊ, नोएडा, देहरादून, दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता, गुवाहाटी, बेंगलुरु, हैदराबाद, इंदौर, चेन्नई, वेल्लोर और त्रिवेंद्रम सहित भारत के 37 शहरों में रिलीज होगी।
इस बारे में बताते हुए यशराज फिल्म्स के डिस्ट्रिब्यूशन वाइस प्रेसिडेंट रोहन मल्होत्रा ने बताया, "दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे सिनेमा के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चलने वाली फिल्म है। यह अपनी रिलीज के बाद से ही कई पीढ़ियों से, दर्शकों के लिए रोमांस का पर्याय बन गई है। फैंस द्वारा हमें लगातार फिल्म की रिलीज के लिए अनुरोध किया जाता रहा है ताकि वे बार-बार इस फिल्म को अपने दोस्तों और परिवार के साथ सिनेमाघरों में देख सकें। इस साल वैलेंटाइन डे के मौके पर हम उनकी ये ख्वाहिश पूरी कर रहे हैं। 10 फरवरी से पूरे भारत में, डीडीएलजे को एक सप्ताह के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।"
इस फिल्म से शाहरुख खान को एक रोमांटिक हीरो के तौर पर नई पहचान मिली थी। ऐसी पहचान जो आज भी उनके साथ जुड़ी है। साथ ही डीडीएलजे ने बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये थे। यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म के तौर पर उभरी। यह सिनेमाघरों में सबसे लंबे समय तक चलने वाली फिल्म बनी। 10 फिल्मफेयर अवार्ड जीते। वहीं, ग्लोबल स्तर पर बॉलीवुड की एक अलग पहचान बनाई।


Click it and Unblock the Notifications












