'ये देखकर दुख होता है...' नवाजुद्दीन सिद्दीकी को कंगना रनौत के बाद मिला इस एक्ट्रेस का साथ

Actress Nancy Thakkar support Nawazuddin Siddiqui: अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी शादीशुदा जिंदगी की वजह से सुर्खियों में लगातार हैं। नवाजुद्दीन और उनकी पत्नी आलिया के बीच लंबे समय से कानूनी लड़ाई चल रही है। दोनों के बीच रिश्ते इस कदर खराब हो गए हैं कि लंबे अरसे से हर बात मीडिया तक भी पहुंच रही है। लेकिन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी को अभिनेत्री कंगना रनौत का समर्थन मिला था।
अब नवाजुद्दीन सिद्दीकी के सपोर्ट में 'मंटो' अभिनेत्री नैंसी ठक्कर भी आ गई हैं। डीएनए से बातचीत में नैंसी ठक्कर ने कहा- 'किसी ऐसे व्यक्ति को देखकर बहुत दुख होता है जिसने कामयाब होने के लिए बहुत मेहनत की है और अब परिवार के द्वारा उनकी छवि खराब की जा रही है। मुझे ये बहुत बेतुका लगता है कि आपसी मतभेद को सोशल मीडिया पर ले जाया गया। उनका आपसी विवाद डिबेट और गपशप का विषय बन गया है। रिलेशनशिप में होने के चलते आपको एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए।'
नैंसी ठक्कर ने साथ ही कहा- 'मेरे लिए उनका इन सब से जूझते हुए देखना बहुत मुश्किल है। मैं उन्हें 'गर्मजोशी से भरा, प्यार करने वाला और केयरिंग शख्स के रूप में जानती हूं। मेरे लिए यह विश्वास करना मुश्किल है कि वह इस तरह का पिता या पति हो सकते हैं।'
साथ ही उन्होंने कहा कि, वो चाहती हैं कि, नवाजुद्दीन की जिंदगी से जुड़ी हर परेशानी जल्द खत्म हो जाए क्योंकि वो वास्तव में ऐसे नहीं हैं। बता दें कि पिछले दिनों नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपनी पूर्व पत्नी आलिया और भाई शमास के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि केस दर्ज कराया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर लंबे पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी थी। लेकिन अब उनके और आलिया के बीच का विवाद कानूनी रूप अख्तियार कर चुका है।


Click it and Unblock the Notifications