यूटीवी के लिए नया साल रहेगा जोरदार
साल 2009 यूटीवी मोशन पिक्चर्स के लिए फीका रहा लेकिन अब यह प्रोडक्शन हाउस 2010 में दर्जन भर नई परियोजनाओं के साथ तैयार है। यूटीवी ने दर्शकों को आकर्षित करने के लिए कम बजट की फिल्म 'पान सिंह तोमर" से लेकर बड़े बजट की 'चांस पे डांस" जैसी फिल्म शामिल हैं। यूटीवी की इस साल सबसे पहले प्रदर्शित होने वाली फिल्म शाहिद-जेनीलिया अभिनीत 'चांस पे डांस" है।
यूटीवी मोशन पिक्चर्स के सीईओ सिद्धार्थ रॉय कपूर कहते हैं, "फिल्म 'चांस पे डांस" का निर्माण 20 करोड़ रुपये में हुआ जबकि इसके प्रिंट्स और प्रचार में पांच करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च हुए हैं। फिल्म की जितनी चर्चा है उससे लगता है कि कुछ ही दिनों में इसमें निवेश किया गया पैसा वापस मिल जाएगा।"
इस साल यूटीवी कई छोटे बजट की फिल्में भी प्रदर्शित करेगा। फरवरी और मार्च में यूटीवी की 'पान सिंह तोमर" (इरफान खान), 'पीटर गया काम से" (राजीव खंडेलवाल) और 'फिल्म सिटी" शामिल हैं। कपूर ने कहा, "कम बजट की फिल्मों के अलावा हमारे पास बड़े बजट की फिल्में भी हैं। 'चांस पे डांस" और प्रकाश झा की फिल्म 'राजनीति" प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। इनके अलावा करीब आधा दर्जन और भी फिल्में 2010 में प्रदर्शित करेंगे।"
पिछले वर्ष के खराब प्रदर्शन पर कपूर कहते हैं कि 2009 में यूटीवी को कम सफलता मिली लेकिन यह साल पूरे बॉलीवुड के लिए ही मिला-जुला रहा था। वर्ष 2009 में यूटीवी की 'देव डी", 'दिल्ली 6", 'वाट्स योर राशि?" और 'मैं और मिसेज खन्ना" जैसी फिल्में प्रदर्शित हुई थीं। इन फिल्मों में 'देव डी" को ही सफलता मिल सकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











