अक्षय कुमार की 'बेल बॉटम' के एक हफ्ते बाद 'फास्ट एंड फ्यूरियस 9' होगी रिलीज, थियेटरों में आएगी फिल्म
दुनियाभर के कई देशों में बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के बाद बहुचर्चित हॉलीवुड फिल्म 'फास्ट एंड फ्यूरियस 9' अब भारत में रिलीज होने के लिए तैयार है। देश में लॉकडाउन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एक बार फिर फिल्मों के थियेटर में रिलीज होने की घोषणा शुरु हो चुकी है। 'फास्ट एंड फ्यूरियस 9' थियेटरों में 5 अगस्त को पांच भाषाओं में रिलीज होने वाली है- हिंदी, अंग्रजी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़।
27 जुलाई को अक्षय कुमार की बेल बॉटम थियेटर में रिलीज होने वाली है। बेल बॉटम के बाद अब फास्ट एंड फ्यूरियस भी थियेटरों में रिलीज होगी। जाहिर है सिनेमाघरों के लिए यह किसी खुशखबरी से कम नहीं। लेकिन बेल बॉटम के कलेक्शन पर इसका प्रभाव दिख सकता है।

जस्टिन लीन द्वारा निर्देशित यह फिल्म अमेरिका, कनाडा, चीन, रूस, कोरिया, हांगकांग और पश्चिम एशिया में पहले ही रिलीज हो चुकी है। और जबरदस्त कमाई कर रही है।
अब जबकि फास्ट एंड फ्यूरियस भारत में 5 अगस्त को रिलीज होने वाली है, अक्षय कुमार की संस्पेंस- थ्रिलर बेल बॉटम के पास दर्शकों को आकर्षित करने के लिए महज एक हफ्ते का ही समय है।
कोई शक नहीं कि आज के समय में भारत में हॉलीवुड फिल्मों का क्रेज काफी बढ़ चुका है। खासकर फास्ट एंड फ्यूरियस फ्रैंचाइजी की फैन फॉलोइंग गजब की है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म को थियटरों में कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।
बहरहाल, यहां जानें भारत में सबसे ज्यादा कमाने वाली हॉलीवुड फिल्में-

एवेंजर्स एंडगेम
एवेंजर्स एंडगेम भारत में सबसे ज्यादा कमाने वाली हॉलीवुड फिल्म है। फिल्म ने भारत में 365 करोड़ का कलेक्शन किया था। यह वर्ल्डवाइड दूसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है।

एवेंजर्स इन्फिनिटी वॉर
2018 में रिलीज हुई इस सुपरहीरो फिल्म ने भारत में 223 करोड़ का कलेक्शन किया है। यह भारत में दूसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली हॉलीवुड फिल्म है। एवेंजर्स फ्रैंचाइजी की पॉपुलैरिटी भारत में जबरदस्त रही है।

द जंगल बुक
बच्चों की फेवरिट द जंगल बुक ने भारत में 183 करोड़ की धमाकेदार कमाई की थी। फिल्म 3डी में रिलीज हुई थी। और क्या बच्चे, क्या जवाब.. सभी ने फिल्म को बेहद पसंद किया था।

द लॉयन किंग
2019 में आई इस फिल्म को भारत में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। खासकर इसीलिए भी क्योंकि डबिंग शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन ने की थी। फिल्म में भारत में 150 करोड़ का बिजनेस किया।

फ्यूरियस 7
साल 2015 में आई बहुचर्चित फिल्म फ्यूरियस 7 ने भारत में 173 crore की कमाई की थी। यह सुपरहिट फ्रैंचाइजी पूरी दुनिया में पॉपुलर है।

जुरासिक वर्ल्ड
इरफान खान स्टारर इस डायनॉसोर वाली 3डी फिल्म को भारत में खूब पसंद किया गया था। फिल्म ने 113 करोड़ की कमाई की थी.. यह सुपरहिट रही।

एवेंजर्स: Age of Ultron
साल 2015 में आई फिल्म एवेंजर्स- ऐज ऑफ अल्ट्रॉन ने भारत में 111 करोड़ की कमाई की थी। एवेंजर्स सीरिज के सभी किरदार दुनियाभर में पॉपुलर हैं।

स्पाइडरमैन 3
भारत में स्पाइडरमैन सीरिज की भी गजब की फैन फॉलोइंग है। साल 2007 में आई इस फिल्म ने भारत में 102 करोड़ की कमाई की थी।


Click it and Unblock the Notifications











