जब भावुक हो गए ऋषि!
लेखक-अभिनेता मनु ऋषि कहते हैं कि उनकी खुशी का उस वक्त कोई ठिकाना न रहा जब उनकी बेटी ने एक बस पर बने रजत कपूर की फिल्म 'फंस गया रे ओबामा' के पोस्टर की ओर इशारा करते हुए कहा था कि वह उसके पिता हैं।
ऋषि ने से कहा, "10 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब मैं किसी फिल्मी पोस्टर पर नजर आया हूं। यह मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है।" ऋषि ने सुधीर मिश्रा की फिल्म 'ये साली जिंदगी' और शशांत शाह की 'मेट्रिक पास' की कहानी भी लिखी है। ये दोनों फिल्में अभी प्रदर्शित नहीं हुई हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे तब और ज्यादा गर्व हुआ जब मैंने अंधेरी स्टेशन पर उस बस पर यह पोस्टर देखा जिसका मैं अपने संघर्ष के दिनों में यात्रा के लिए इस्तेमाल करता था। जब मैंने अपनी बेटी को उसकी ओर इशारा करते, उसे पोस्टर को देखते और मुस्कुराते देखा तो मैं गर्व से भर गया। मैं बहुत भावुक हो गया था।"
ऋषि ने अभय देओल के अभिनय वाली 'ओय लक्की लक्की ओय' में भी अभिनय किया था। उन्होंने अमेरिका से शुरु हुई वैश्विक मंदी पर बनी व्यंग्यात्मक फिल्म 'फंस गया रे ओबामा' में अन्नी की भूमिका निभाई है। शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही इस फिल्म में रजत कपूर, नेहा धूपिया, अमोल गुप्ते और संजय मिश्रा ने भी अभिनय किया है। यह सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी पहली फिल्म है।
उन्होंने बताया, "अन्नी टाई और महंगी घड़ियां पहनता है। उसे 'रॉकी' व 'रैम्बो' जैसी हॉलीवुड फिल्में देखना पसंद है। वह राष्ट्रपति ओबामा जैसा दिखता है और उसके जीवन का एकमात्र लक्ष्य 'अमरीका' जाना है।" ऋषि 'मिथ्या', 'एक चालीस की लास्ट लोकल' और 'मिक्स्ड डबल्स' में मेहमान भूमिकाएं निभा चुके हैं। उनकी आने वाली अन्य फिल्मों में 'टीना की चाबी' और '10 मिलीलीटर लव' शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications











