एक और ‘कपूर’

प्रसिद्ध अभिनेता शम्मी कपूर के बेटे आदित्य राज कपूर 53 साल की उम्र में ‘चेज़’ नाम की फ़िल्म से अभिनय के क्षेत्र में क़दम रख रहे हैं.
कपूर ख़ानदान भारतीय सिनेमा के शुरुआती दौर से छाया रहा है. पृथ्वीराज कपूर से शुरु हो कर रणबीर कपूर तक कई पीढ़ियों ने किसी ना किसी कपूर की फ़िल्म चाव से देखीं हैं.
आदित्य राज कपूर को 53 साल की उम्र में अभिनय के क्षेत्र में कूदने की क्या सूझी? इसके जवाब में वो कहते हैं, “कारण ये था कि मैं पहले सैटल होना चाहता था. मैंने अपना बिज़नेस जमाया. पंद्रह साल तक मैंने अपना बिज़नेस का करियर फॉलो किया. उसके बाद जब मुझे लगा कि मैं फ़िल्मों में आने के लिए तैयार हूं तो मैंने तीन फ़िल्म साइन कीं. चेज़ उन्हीं में से एक फ़िल्म है.”
आदित्य राज कपूर कहते हैं कि उनके पिता शम्मी कपूर कॉलेज के बाद व्यावसाय करने के फ़ैसले पर पहले तो हैरानगी जताई लेकिन फिर उनका उत्साह भी बढ़ाया.
आदित्य कहते हैं, “शम्मी जी ने बहुत कहा शुरुआत में. उन्होंने कहा कि बेटा तुम ऐसा क्यूं कर रहे हो, बिज़नेस में क्यों जा रहे हो? मैंने उन्हें अपने क़दम के पीछे की वजह बताई तो उन्होंने मेरा समर्थन किया और कहा कि वो मेरे इस क़दम में मेरा पूरा साथ देंगे.”
वैसे मंनोरंजन की दुनिया के आदित्य राज कपूर बिल्कुल नए भी नहीं है. उन्होंने ‘सांबर’ सालसा और ‘डॉन्ट स्टॉप ड्रीमिंग’ जैसी फ़िल्मों का निर्देशन भी किया है.
29 अप्रैल को रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘चेज़’ का निर्देशन जगमोहन मुंदड़ा ने किया है. इस फ़िल्म में आदित्य राज कपूर के अलावा अनुज सक्सेना और उदिता गोस्वामी प्रमुख भूमिकाओं में हैं


Click it and Unblock the Notifications