आशिकी 2 के बाद आदित्य और श्रृद्धा की मिलन टॉकीज
आशिकी 2 से अपने करियर को एक सफल मकाम तक ले जाने वाले अभिनेता आदित्य रॉय कपूर और अभिनेत्री श्रृद्धा कपूर एक बार फिर से एक साथ नज़र आने वाले हैं फिल्ममेकर तिग्मांशू धूलिया की फिल्म मिलन टॉकीज में। इससे पहले खबरें आ रही थीं कि मिलन टॉकीज में शाहिद कपूर, इमरान खान, सोनाक्षी सिन्हा आदि नज़र आ सकते हैं। लेकिन आखिरकार बालाजी के इस प्रोजेक्ट के लिए आदित्य रॉय कपूर और श्रृद्धा कपूर को चुन लिया गया है।
पीटीआई के साथ हुए इंटरव्यू के दौरान तिग्मांशू धूलिया ने बताया आदित्य औऱ श्रृद्धा कपूर को मिलन टॉकीज के लिए फाइनल कर लिया गया है। मेरे दिमाग में श्रृद्धा फिल्म आशिकी 2 से पहले से ही थी। दो साल पहले वो इस फिल्म के लिए ऑडीशन के लिए आई थीं और फिल्म के लिए पहली पसंद वहीं थीं। जहां तक मेन लीड हीरो की बात है तो शाहिद कपूर और इमरान खान के पास वक्त ना होने की वजह से वो रिजेक्ट हो गये। आदित्य और श्रृद्धा ही फिल्म के लिए बेस्ट हैं।
मिलन टॉकीज पहले 2014 में ही रिलीज होने वाली थी लेकिन बाद में लेट होते होते अब मिलन टॉकीज की रिलीज डेट 2015 के अंत तक कर दी गयी है। इस बारे में तिग्मांशू ने कहा "जब आप कुछ हटकर और बेहतर बनाना चाहते हैं तो वक्त तो लगता ही है। के आसिफ को भी 15 साल लगे मुगल-ए-आज़म बनाने में। मिलन टॉकीज एक छोटे शहर में रहने वाले लड़का और लड़की की प्रेम कहानी पर आधारित है।"
एकता कपूर के साथ पहली बार टीम बना रहे तिग्मांशू का कहना है "एकता जी एक बहुत ही अच्छी और सफल निर्माता हैं। बतौर निर्माता उन्होंने जो भी फिल्में बनाई हैं वो सफल रही हैं। वो फिल्म के निर्माण के साथ ही साथ फिल्म के प्रमोशन में काफी अच्छी हैं। वो निर्देशक को पूरी छूट देती हैं अपने हिसाब से काम करने की।"


Click it and Unblock the Notifications












