आदित्य चोपड़ा करेंगे यशराज फिल्म्स का सबसे बड़ा धमाका - लॉन्च करेंगे OTT चैनल
यशराज फिल्म्स इस साल अपने बैनर के 50 साल पूरे होने का जश्न मनाने का प्लान कर रहा था लेकिन कोरोना की दूसरी लहर ने सब बदल दिया। अब खबर है कि आदित्य चोपड़ा यशराज फिल्म्स की ओर से सबसे बड़ा धमाका करने वाले हैं। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट की मानें तो आदित्य चोपड़ा अब यशराज फिल्म्स का OTT चैनल लॉन्च करने जा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो जिस तरह, आदित्य चोपड़ा हर काम बड़े स्तर और भव्य अनाउंसमेंट के साथ करते हैं, उसी तरह ये ओटीटी चैनल भी खास तरीके से लॉन्च किया जाएगा और इसका अनाउंसमेंट भी उतना ही शानदार होगा।

गौरतलब है कि आदित्य चोपड़ा इस साल यशराज फिल्म्स के 50 साल पूरे होने का जश्न शानदार तरीके से मनाने वाले थे लेकिन उन्होंने अब इस जश्न पर लगने वाले सारे पैसे कोरोना राहत कार्यों में लगा दिए हैं। हालांकि, जश्न के पहले यशराज फिल्म्स ने अपना नया लोगो भी रिलीज़ किया था।
अगर प्लान की बात करें तो 50 सालों के इस जश्न में यशराज फिल्म्स 50 बड़े स्टार्स के साथ फिल्मों का अनाउंसमेंट करने वाले थे। इस समय यशराज फिल्म्स कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है।

सलमान खान की टाईगर 3
सलमान खान की टाईगर 3 पर तेज़ी से काम चल रहा है और सलमान खान इसके लिए साजिद नाडियाडवाला की कभी ईद कभी दीवाली आगे बढ़ा चुके हैं। फिल्म में सलमान खान के साथ कैटरीना कैफ ही दिखाई देंगी और फिल्म का निर्देशन करने वाले हैं बैंड बाजा बारात और फैन फेम डायरेक्टर मनीष शर्मा।

शाहरूख खान की पठान
वॉर फेम डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के ज़िम्मे सौंपी गई है शाहरूख खान की कमबैक फिल्म पठान की ज़िम्मेदारी। माना जा रहा है कि ये विशुद्ध रूप से एक्शन फिल्म होगी जो शाहरूख खान को वापस स्थापित करने का दम रखती है।

विकी कौशल की कॉमेडी
विकी कौशल के साथ यशराज फिल्म्स एक कॉमेडी फिल्म कर रहा है जिसे धर्मपुत्र का रीमेक कहा जा रहा है। इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं धूम और ठग्स ऑफ हिंदुस्तान फेम विजय कृष्ण आचार्य। विकी कौशल के अपोज़िट फिल्म में होंगी मानुषि छिल्लर।

जयेशभाई जोरदार
रणवीर सिंह की जयेशभाई जोरदार लगभग पूरी हो चुकी है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ डेब्यू करने जा रही हैं अर्जुन रेड्डी फेम शालिनी पांडे। फिल्म एक गुजराती नाटक पर आधारित है।

रणबीर कपूर की पीरियड फिल्म
रणबीर कपूर और संजय दत्त के साथ यशराज फिल्म्स के लिए शमशेरा कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग और फिल्म का सेट दोनों ही पिछले साल से लॉकडाउन से प्रभावित हुए हैं।

पृथ्वीराज
अक्षय कुमार, यशराज फिल्म्स के साथ पृथ्वीराज के साथ वापसी कर रहे हैं। अक्षय कुमार ने आखिरी बार यशराज फिल्म्स के साथ दिल तो पागल है में काम किया था। चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा डायरेक्ट की जा रही इस पीरियड फिल्म से मानुषि छिल्लर अपना डेब्यू करने जा रही हैं।

बंटी और बबली 2
सिद्धांत चतुर्वेदी, शरवरी वाघ, रानी मुखर्जी और सैफ अली खान स्टारर बंटी और बबली 2 रिलीज़ के लिए तैयार थी। लेकिन कोरोना के चलते फिल्म की रिलीज़ लगातार टलती जा रही है।

अहान पांडे का डेब्यू
चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे भी यशराज फिल्म्स के एक प्रोजेक्ट से अपना डेब्यू करने वाले हैं। अफवाहों की मानें तो ये एक सुपरहीरो फिल्म हो सकती है जिसके सुपरविलेन होंगे अजय देवगन।

जुनैद खान का डेब्यू
वहीं आमिर खान के बेटे जुनैद खान का डेब्यू भी यशराज फिल्म से होने जा रहा है। फिल्म का नाम है महाराजा जो 1962 के मशहूर करसनदास केस पर आधारित है। फिल्म में जुनैद खान के साथ दिखाई देंगी अर्जुन रेड्डी फेम शालिनी पांडे।

स्पाई यूनिवर्स की तैयारी
वहीं आदित्य चोपड़ा शाहरूख खान, सलमान खान और ऋतिक रोशन के साथ एक स्पाई यूनिवर्स की तैयारी कर रहे हैं जिसमें पठान के शाहरूख खान, वॉर के ऋतिक रोशन और टाईगर के सलमान खान एक दूसरे की फिल्मों का हिस्सा बनेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
