Adipurush: नेपाल में भी ओम राउत की आदिपुरुष पर भारी बवाल, काठमांडू में भारतीय फ़िल्मों पर लगा बैन

Adipurush ban in Nepal: आदिपुरुष को लेकर विवादों का घेरा बढ़ता ही जा रहा है। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि नेपाल में भी फिल्म को लेकर काफी बवाल मचा हुआ है। बता दें, आदिपुरुष विवाद के बाद, नेपाल की राजधानी काठमांडू के मेयर ने सभी भारतीय फ़िल्मों पर रोक लगाने की घोषणा की है।
नेपाल के लोगों को फ़िल्म में सीता जी के एक सीन को लेकर आपत्ति थी। नेपाल के मेयर बालेन शाह ने फ़िल्म के निर्माताओं को तीन दिन के भीतर फ़िल्म में सुधार करने की चेतावनी दी थी। लेकिन जब सुधार नहीं किया गया, तो तीन दिन बीत जाने के बाद काठमांडू में भारतीय फ़िल्मों पर रोक लगा दी गई है।
मां सीता से जुड़े डायलॉग को लेकर चल रहा है विवाद
फ़िल्म के एक डायलॉग में सीता को भारत मां की बेटी कहा गया है। नेपाल इसे भ्रामक बता रहा है क्योंकि सीता जी का जन्म नेपाल के तराई वाले क्षेत्र जनकपुर में हुआ था।
बालेन शाह ने 15 जून को किए गए एक ट्वीट में कहा था, "जब तक फ़िल्म आदिपुरुष में शामिल संवाद 'जानकी भारत की बेटी है' को नेपाल समेत भारत में भी संशोधित नहीं किया जाता.. तब तक काठमांडू में किसी भी हिन्दी फ़िल्म को चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसे ठीक करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।"
नेपाल ने जताई आपत्ति
इसके बाद, 18 जून को फ़िल्म पर रोक का आदेश पारित करते हुए बालेन शाह ने कहा, "तीन दिन पहले हमने आदिपुरुष के निर्माताओं से आपत्तिजनक हिस्से को हटाने के लिए कहा था। इसमें जानकी को भारत की बेटी कहा गया है। नेपाल की संप्रभुता, स्वतंत्रता और आत्म-सम्मान की रक्षा करना नेपाल की हर सरकार, ग़ैर सराकरी संगठनों और नागरिकों की पहली ज़िम्मेदारी है। जब तक फ़िल्म के विवादित हिस्से को ठीक नहीं कर दिया जाता, काठमांडु इलाक़े में किसी भी भारतीय फ़िल्म को प्रदर्शित नहीं होने दिया जाएगा।"
मनोन मुंतशिर ने डायलॉग पर दी सफाई
हालांकि, फ़िल्म के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर ने नेपाल में हो रहे विवाद पर स्पष्टीकरण देते हुए भारतीय टीवी चैनल आजतक से बात करते हुए कहा कि, "जिस समय का दृश्य फ़िल्म में दिखाया गया है तब नेपाल भारत का ही हिस्सा था.."
उन्होंने कहा, "नेपाल के विरोध को मैं समझ नहीं पा रहा हूं। जब की ये कहानी है, तब नेपाल भारत का भाग हुआ करता था। अगर हम भारत की बेटी कह रहे हैं सीता को तो नेपाल कौन सा भारत से अलग था। नेपाल तो 1903 या 04 की बात है, जब भारत से अलग हुआ है। उस हिसाब से तो सीता भारत की ही बेटी थीं।"


Click it and Unblock the Notifications












