8 साल बाद ‘सुपरबॉयज़ ऑफ़ मालेगांव’ से कमबैक करेंगे आदर्श गौरव, भावुक हुए अभिनेता

Adarsh Gaurav- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी दमदार अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता आदर्श गौरव लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म 'सुपरबॉयज़ ऑफ़ मालेगांव', जिसे ज़ोया अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है और रीमा कागती ने डायरेक्ट किया है, 28 फरवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए तैयार है।
आदर्श, जो हाल ही में 'खो गए हम कहां' में नज़र आए थे (जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई थी), अपनी इस थिएट्रिकल कमबैक को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनकी आखिरी फिल्म, 'रुख', अक्टूबर 2017 में सिनेमाघरों में आई थी, जिसमें उन्होंने मनोज बाजपेयी के साथ स्क्रीन साझा की थी।
अब 'सुपरबॉयज़ ऑफ़ मालेगांव' में वे मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जहां वे नासिर शेख का किरदार निभाएंगे-एक असली फिल्ममेकर जो मालेगांव में बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों की स्पूफ फिल्में बनाने के लिए मशहूर हैं। इस फिल्म में विनीत कुमार सिंह, शशांक अरोरा और कई अन्य प्रतिभाशाली कलाकार भी शामिल हैं।
अपनी इस वापसी पर आदर्श कहते हैं, "8 साल बाद मेरी कोई फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है, यह मेरे लिए बहुत ही खास और खुशी का पल है। बड़े पर्दे का अपना एक अलग जादू होता है और मुझे खुशी है कि 'सुपरबॉयज़ ऑफ़ मालेगांव' के ज़रिए मैं फिर से सिनेमाघरों में लौट रहा हूं।
जब मैंने पहली बार इस कहानी को सुना और नासिर शेख की जिंदगी के बारे में जाना, तो मुझे तुरंत ही इससे जुड़ाव महसूस हुआ। मालेगांव की फिल्म इंडस्ट्री पूरी तरह जुनून से चलती है और इस दुनिया का हिस्सा बनना मेरे करियर का सबसे रोमांचक अनुभव रहा है।
'सुपरबॉयज़ ऑफ़ मालेगांव' सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह सिनेमा का एक जश्न है, जो दिल और हंसी से भरपूर है। मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि दर्शक इसे 28 फरवरी 2025 को सिनेमाघरों में देखें।"
वे आगे कहते हैं, "2017 से अब तक, मुझे कई शानदार प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिला-चाहे वह 'द व्हाइट टाइगर', 'एक्सट्रपलेशन्स', 'खो गए हम कहां' हो या 'गन्स एंड गुलाब्स', 'लीला' जैसी वेब सीरीज़। हालांकि, ये सभी प्रोजेक्ट्स डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के ज़रिए दर्शकों तक पहुंचे। मुझे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की व्यापक पहुंच पसंद है, लेकिन बड़े पर्दे पर फिल्म देखना, दर्शकों की सामूहिक प्रतिक्रियाएं सुनना और सिनेमाघर की ऊर्जा महसूस करना एक अलग ही अनुभव होता है।"
'सुपरबॉयज़ ऑफ़ मालेगांव' के साथ, आदर्श गौरव अपनी पीढ़ी के सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक के रूप में अपनी जगह और मजबूत कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications