एक्ट्रेस अंजली हैदराबाद होटल से लापता
हैदराबाद। अपनी सौतेली मां भारती देवी और निर्देशक कालांजियाम पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली दक्षिण फिल्मों की अभिनेत्री अंजलि लापता हो गई हैं। इससे उनके भाई रविशंकर बहुत परेशान हो गए है। अंजलि सोमवार से लापता हैं। उनके भाई रवि ने उन्हें सोमवार से नहीं देखा है, जिसके बाद उसने मंगलवार को लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। रविशंकर ने बताया कि, मैंने सोमवार के बाद से उससे बात नहीं की है। सोमवार को वह हैदराबाद के एक होटल में थी, लेकिन अभी उसका कोई पता नहीं है।
मैं उसके लापता होने से परेशान हूं। जब तक मैं उसे नहीं देख लेता, तब तक मैं चिंता मुक्त नहीं होऊंगा। गौरतलब है कि सोमवार को अंजलि ने अपनी सौतेली माता भारती देवी और निर्देशक कालांजियाम पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह दोनों उनका एटीएम की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। वह चेन्नई छोड़कर हैदराबाद चली गई थी। अंजलि द्वारा आरोप लगाने के बाद मंगलवार को कालांजियाम ने उन पर मानहानि का मुकदमा कर दिया। इस बीच बुधवार को भारती देवी ने पुलिस थाने में अंजलि के अपहरण होने और उसे यह आरोप लगाने पर मजबूर करने की शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, भारती देवी को विश्वास है कि किसी ने अंजलि का अपहरण कर लिया है। उन्हें अंदेशा है कि अपहर्ता इन आरोपों को लगाने के लिए अंजलि को मजबूर कर रहा है। हैदराबाद पुलिस आयुक्त अनुराग शर्मा ने कहा, जांच जारी है। हम अंजलि की तलाश कर रहे हैं। जब तक वह नहीं मिल जाती, तब तक हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकते हैं। प्रसिद्ध फिल्में 'इंगेयम इपूथुम', 'कालाकालापपू' और 'सीथामा वाकिटलो श्रीरिमाले छेटू' से अपनी पहचान बनाने वाली अंजलि ने निर्देशक कालांजियम की फिल्म 'साथामिंदरी मुथामिंडू' में अपना किरदार निभाया है। (आईएएनएस)


Click it and Unblock the Notifications











